LOADING...
होली पर खूब जंचती है सफेद रंग की पोशाक, रंग खेलते वक्त पहनें ये सफेद कपड़े 

होली पर खूब जंचती है सफेद रंग की पोशाक, रंग खेलते वक्त पहनें ये सफेद कपड़े 

लेखन सयाली
Mar 15, 2024
07:05 pm

क्या है खबर?

होली का त्योहार रंगों में सराबोर होने का दिन होता है, जब लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाते हैं। इस साल यह पर्व 25 मार्च को मनाया जाएगा। सफेद रंग शांति का प्रतीक है और होली भाईचारे की भावना को दर्शाती है। इसलिए लोग इस अवसर पर सफेद रंग के कपड़े पहनना पसंद करते हैं। इसमें सभी रंग उभरकर नजर आते हैं। होली पर रंग खेलते वक्त आप ये 5 सफेद कपड़े पहन सकती हैं।

#1

सफेद कफ्तान कुर्ता

होली के मौके पर कई पार्टियां आयोजित होती हैं। इनमें महिलायें स्टाइलिश लुक बनाए रखने के साथ-साथ आराम भी चाहती हैं। सफेद रंग का कफ्तान कुर्ता आराम सुनिश्चित करने के लिए बेहतरीन पोशाक है। इसे पहनकर आप होली खेलने के साथ-साथ बेफिक्र होकर डांस भी कर सकेंगी। इस पर ऑक्सीडाइज्ड चोकर वाला हार और सुंदर जयपुरी जूतियां पहनना सही रहेगा। होली खेलने के बाद बालों और शरीर से रंग छुड़ाने के लिए ये टिप्स अपनाएं।

#2

सफेद पैंट और टॉप 

अगर आप बिना किसी चिंता के दूसरों पर रंग छिड़कने और खुद भी रंगों में सराबोर होने के लिए तैयार हैं तो कॉटन का टॉप और पैंट पहनने पर विचार करें। आप चाहें तो दोनों कपड़ों को सफेद ही रखें या टॉप सफेद और पैंट किसी अन्य हल्के रंग की चुनें। अपने लुक को पूरा करने के लिए इसे सफेद जूतों के साथ स्टाइल करें। आप इस पोशाक पर रंग-बिरंगी बड़े आकार की बालियां पहन सकती हैं।

#3

सफेद शरारा सूट

पिछले कुछ सालों से महिलाओं के बीच शरारा सूट बेहद चलन में हैं। यह चिकन, कॉटन और नेट समेत कई तरह के कपड़ों से बनते हैं। आप होली के मौके पर सफेद रंग का शरारा सूट पहनकर सबसे सुंदर दिख सकती हैं। इस पोशाक में जान झोंकने के लिए जीवंत रंगों वाला मेकअप करें और बड़े झुमके पहनें। आप इस लुक को और निखारने के लिए रंग-बिरंगा दुपट्टा भी ले सकती हैं।

#4

सफेद चंदेरी कुर्ता

होली के त्योहार पर आप अलग दिखने के लिए मध्य प्रदेश का मशहूर चंदेरी कुर्ता पहनने पर विचार करें। यह आपको शाही और पारंपरिक लुक देगा। आप इस कुर्ते को कॉटन की सफेद पैंट और शिफॉन के सफेद या किसी अन्य रंग के दुपट्टे के साथ पहन सकती हैं। यह पोशाक आधुनिक तरीके से पारंपरिक दिखने में मदद करेगी। आप इसे जूतियों और धातुई रंग वाले जेवरों के साथ स्टाइल कर सकती हैं।

#5

सफेद चिकनकारी कुर्ती

लखनऊ के चिकन के कपड़ों का बुखार इन दिनों सभी महिलाओं पर चढ़ा हुआ है। यह आरामदायक, स्टाइलिश और खूबसूरत दिखने का सबसे आसान विकल्प है। आप सफेद रंग की कॉटन या जॉर्जेट की कुर्ती को पजामी या प्लाजो के साथ पहन सकती हैं। इसके साथ आप पंजाब में मशहूर फुलकारी दुप्पटा ओढ़ें और सिल्वर रंग के जेवर पहनें। होली से पहले इन 5 तरीकों को अपनाकर करें त्वचा की देखभाल।