Page Loader
मृणाल ठाकुर फिट रहने के लिए करती हैं ये एक्सरसाइज, आपको भी जरूर अजमानी चाहिए

मृणाल ठाकुर फिट रहने के लिए करती हैं ये एक्सरसाइज, आपको भी जरूर अजमानी चाहिए

लेखन सयाली
Jun 27, 2025
05:06 pm

क्या है खबर?

मृणाल ठाकुर बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं, जिन्होनें साउथ इंडस्ट्री में भी अपने पैर जमा लिए हैं। वह अपने अभिनय और सुंदरता से तो सबको दीवाना बनाती ही हैं, साथ ही उनकी फिटनेस की भी खूब चर्चा की जाती है। मृणाल अपनी सेहत का खास ख्याल रखती हैं और नियमित रूप से एक्सरसाइज कर वजन को नियंत्रित बनाए रखती हैं। उनके वर्कआउट रूटीन में ये 5 एक्सरसाइज शामिल रहती हैं, जो आपको भी करनी चाहिए।

#1

बर्पीज

मृणाल के प्रशिक्षक द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में वह बर्पीज करती दिख रही हैं। यह एक ऐसी एक्सरसाइज है, जिससे पूरे शरीर की कसरत होती है। इसकी मदद से शरीर मजबूत होगा और आपको वजन घटाने में भी मदद मिल जाएगी। इसके लिए पैरों को एक फुट की दूरी पर फैलाकर खड़े हो जाएं। अब स्क्वाट करें और हाथों को फर्श पर रखें, फिर जंप करके अपने पैरों को प्लैंक की अवस्था में लाएं और पुश-अप करें।

#2

प्लैंक

मृणाल के वर्कआउट में प्लैंक भी शामिल है, जो कोर की ताकत बढ़ाने के लिए असरदार है। यह न केवल पेट की मांसपेशियों को मजबूत करती है, बल्कि पीठ, कंधे और पैरों की ताकत भी बढ़ा देती है। इसे करने के लिए घुटने मोड़कर जमीन पर बैठें और कोहनियों को फर्श पर टिकाकर आपस में बांध लें, फिर पैरों को फैलाकर लेट जाएं। कोहनी को कसकर रखें और शरीर का भार पैरों की उंगुलियों और हथेलियों पर रखें।

#3

सिंगल-आर्म डंबल शोल्डर प्रेस

वीडियो की शुरुआत में मृणाल सिंगल-आर्म डंबल शोल्डर प्रेस करती दिखाई दे रही हैं। यह एक्सरसाइज कंधे की मांसपेशियों को मजबूत करती है और स्थिरता में सुधार करती है। इस एक्सरसाइज में एक समय पर एक ही हाथ से डंबल उठाया जाता है, जिससे एक ही कंधे पर जोर पड़ता है। इसे करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं और दोनों हाथों में भार उठा लें। अब एक हाथ को ऊपर उठाएं और दूसरे हाथ को नीचे ही रहने दें।

#4

स्लैम बॉल एक्सरसाइज

स्लैम बॉल एक तरह की गेंद होती है, जिसे एक्सरसाइज करते समय इस्तेमाल किया जाता है। इससे कई विविध प्रकार की एक्सरसाइज की जा सकती हैं। मृणाल इस गेंद से जो एक्सरसाइज करती हैं, उसमें उसे उठाकर पूरी ताकत से फेंकना शामिल होता है। इसके लिए पैरों को कंधे की चौड़ाई पर रखें और घुटनों को थोड़ा मोड़ें। अब गेंद को अपने सिर से ऊपर ले जाएं और जोर से जमीन पर पटकें। गेंद को पकड़ने के लिए स्क्वाट करें।

#5

पुल-अप्स

पुल-अप्स एक बेहतरीन एक्सरसाइज है, जो आपकी पीठ, कंधे और बाहों की मांसपेशियों को मजबूत बना सकती है। यह एक बेहतरीन बॉडीवेट एक्सरसाइज है, जिसे करने के लिए आप भार उठा सकते हैं या रॉड पर लटक सकते हैं। पुल-अप्स के लिए सबसे पहले एक मजबूत बार का चयन करें, जिसे आप आसानी से पकड़ सकें। अब दोनों हाथों से बार को पकड़ें और पूरी ताकत से ऊपर उठाएं। इस बार को बार-बार ऊपर-नीचे करते रहें।