Page Loader
महाराष्ट्र के नागपुर में स्थित ये पांच पर्यटन स्थल छुट्टियों के लिए हैं बेहतरीन
नागपुर के पांच पर्यटन स्थल

महाराष्ट्र के नागपुर में स्थित ये पांच पर्यटन स्थल छुट्टियों के लिए हैं बेहतरीन

लेखन अंजली
Jul 24, 2022
06:00 am

क्या है खबर?

अपने संतरे के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध नागपुर महाराष्ट्र की शीतकालीन राजधानी और एक स्मार्ट सिटी है। यह पर्यटन स्थल अपने अद्भुत पहाड़, पठार, नदियों और घाटियों की वजह से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। आइए आज हम आपको नागपुर के कुछ प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में बताते हैं, जहां आप शांतिपूर्ण तरीके से अपनी छुट्टियों का लुत्फ उठा सकते हैं।

#1

पेंच टाइगर रिजर्व

पेंच टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख टाइगर रिजर्व में से एक है। यह नेशनल पार्क मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को ओवरलैप करने वाला पहला नेशनल पार्क है। इस पार्क का नाम पेंस नदी के नाम पर रखा गया है, जो यहां से होकर बहती है और इसका उल्लेख प्रसिद्ध अंग्रेजी लेखक रुडयार्ड किपलिंग द्वारा द जंगल बुक में किया गया है। यहां की यात्रा करने का सबसे अच्छा समय सर्दियों में है।

#2

लोनार झील

उल्कापिंड की टकराने से बना लोनार झील एक राष्ट्रीय भू-विरासत स्मारक है। यह बेसाल्टिक चट्टान में दुनिया की एकमात्र खारे पानी की झील है। ऐसा माना जाता है कि लगभग 52,000 साल पहले एक उल्कापिंड हमारे ग्रह से टकराया था, जिसके कारण इस झील के गड्ढा का निर्माण हुआ था। झील के रूप में विकसित हुआ गड्ढा जंगलों से घिरा हुआ है और यहां पर आपको तरह-तरह के पक्षी देखने को मिल सकते हैं।

#3

वाकी वुड्स

वाकी वुड्स महाराष्ट्र में एक प्रसिद्ध ट्रेकिंग ट्रेल है। यह जगह बोटिंग, तीरंदाजी, ट्रेकिंग एडवेंचर और बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियों के लिए बेहतरीन है। वाकी वुड्स के रास्ते घने हरे-भरे जंगल, आकर्षक झीलें और अभयारण्यों से सुशोभित हैं। महाराष्ट्र के सबसे प्रिय ट्रेकिंग मार्गों में से एक होने के नाते यह जगह आपकी यात्रा के अनुभव को एकदम बेहतरीन बना देगी।

#4

रामटेक

अगर आप इतिहास में रूचि रखते हैं तो रामटेक जरूर जाएं। यहां भगवान राम को समर्पित एक मंदिर है और ऐसा माना जाता है कि उन्होंने अपने वनवास के दौरान यहां विश्राम किया था। इस मंदिर का निर्माण 18वीं शताब्दी में देवगढ़, छिंदवाड़ा के किले पर अपनी जीत के बाद नागपुर के शासक रघुजी भोंसले द्वारा किया गया था। ऐसा माना जाता है कि संस्कृत कवि कालिदास ने रामटेक में मेघदूत की रचना की थी।

#5

खेकरानाला

खापा रेंज में स्थिल खेकरानाला एक बांध स्थल है, जो लुभावने प्राकृतिक दृश्य पेश करता है। खेकरानाला बांध के चारों ओर एक शांत नीली झील घने जंगल से घिरी हुई है। यह परिवार के साथ पिकनिक माने के लिए एक बेहतरीन स्थल है या नागपुर में रहने वालों के लिए एक खूबसूरत वीकेंड ट्रिप है। यह ट्रेकिंग के प्रति उत्साही लोगों के लिए एक आदर्श स्थान है और यहां ठहरने की सुविधा भी है।