जीवन की शुरुआत में कम चीनी खाने वाले 50 की उम्र में दिखते हैं ज्यादा जवान
क्या है खबर?
ज्यादा चीनी का सेवन करने से मोटापे आदि जैसी कई समस्याएं होती हैं। हालांकि, अब सामने आया है कि इसका असर जवानी पर भी पड़ सकता है। एक नए अध्ययन के मुताबिक, जिन लोगों को जीवन के शुरुआती दौर में राशन में कम चीनी मिली, वे 50 की उम्र में ज्यादा जवान दिखाई देते हैं। यह अध्ययन ब्रिटेन में किया गया है और एक विशेष समय को दर्शाता है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानें।
अध्ययन
क्या कहता है अध्ययन?
इसके लिए शोधकर्ताओं ने एक ऐसी नीति पर ध्यान दिया, जो सितंबर 1953 में खत्म हो गई थी। तब तक ब्रिटेन में परिवार केवल सीमित मात्रा में चीनी खरीद सकते थे।
जब घरों में चीनी की खपत पर लगी पाबंदियां हटाई गईं तो इसकी खपत में भारी उछाल आया।
अध्ययन में पाया गया कि जन्म से लेकर बचपन तक चीनी की सीमित उपलब्धता जितनी लंबी अवधि तक चलती है, जैविक आयु में उतना ही अंतर देखने को मिलता है।
जांच
50 हजार से ज्यादा लोग बने अध्ययन का हिस्सा
इस अध्ययन को 'नेचर कम्युनिकेशन' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया था, जिसमें 54,201 वयस्क शामिल हुए थे।
हांगकांग की चाइनीज यूनिवर्सिटी के नेत्र विज्ञान शोधकर्ताओं, जेसन सी याम और ली जिया चेन की टीम ने UK बायोबैंक डेटाबेस से मिली जानकारी के आधार पर इसे पूरा किया।
उन्होंने ब्रिटेन में अक्टूबर 1951 और मार्च 1956 के बीच जन्मे प्रतिभागियों को चुना और दोनों समय में चीनी के सेवन की मात्रा के स्वास्थ्य पर असर की तुलना की।
प्रक्रिया
कैसे हुई जांच?
शोधकर्ताओं का ध्यान शुरुआती 1,000 दिनों पर था, जो गर्भधारण से लेकर बच्चे के दूसरे जन्मदिन के आसपास की अवधि है। इस चरण में पोषण की स्थिति का स्वास्थ्य पर लंबे समय तक चलने वाला असर होता है।
टीम ने जैविक आयु के अनुमान की जांच की, जो शरीर की व्यापक स्थिति को दर्शाता है। जांच के लिए उन रक्त मापों का उपयोग किया गया, जो तब लिए गए थे जब प्रतिभागियों की औसत आयु 50 के दशक में थी।
नतीजे
चीनी के सेवन का उम्र पर पड़ा कितना असर?
टीम ने हिसाब लगाया कि हर प्रतिभागी की अनुमानित जैविक आयु, उनकी वास्तविक उम्र से कितनी अलग थी। जन्म से पहले चीनी के संपर्क का संबंध जैविक आयु में तेजी आने के एक ऐसे माप से था, जो संपर्क में न आने वाले प्रतिभागियों की तुलना में 0.26 वर्ष कम था।
जन्म के पहले साल यह अंतर बढ़कर 4.5 महीने हो गया और जब इसका असर दूसरे साल तक बना रहा तो यह अंतर लगभग 5 महीने तक पहुंच गया।
जानकारी
गर्भावस्था-शैशवावस्था के दौरान चीनी का सेवन घटाना है अहम
यह अध्ययन यह नहीं कहता कि जीवन की शुरुआत में चीनी की मात्रा कम करने से बीमारियां रुकती हैं। यह इस बात का संकेत देता है कि गर्भावस्था-शैशवावस्था के दौरान मिलने वाला पोषण, दशकों बाद के स्वास्थ्य से किस तरह जुड़ा हो सकता है।