LOADING...
स्वस्थ स्नैकिंग के लिए बेहतरीन है यह मसूर दाल के कबाब, जानिए रेसिपी
मसूर दाल के कबाब की रेसिपी

स्वस्थ स्नैकिंग के लिए बेहतरीन है यह मसूर दाल के कबाब, जानिए रेसिपी

लेखन अंजली
Jun 05, 2026
01:03 pm

क्या है खबर?

आजकल बाजार में कई तरह के पैकेज्ड स्नैक्स मिल जाते हैं, जिन्हें खाने से स्वाद तो मिलता है, लेकिन इनमें मौजूद अप्राकृतिक तत्व सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में क्यों न घर पर ही सेहतमंद स्नैक्स बनाए जाएं? इसके लिए मसूर दाल का कबाब एक बढ़िया विकल्प हो सकता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी है। आइए मसूर दाल के कबाब की रेसिपी जानते हैं।

सामग्री

मसूर दाल कबाब बनाने के लिए जरूरी चीजें

एक कप मसूर दाल (रातभर पानी में भिगोई हुई), एक बड़ी चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), एक प्याज (बारीक कटा हुआ), आधा कप हरा धनिया (बारीक कटा हुआ), आधी छोटी चम्मच गरम मसाला, एक छोटी चम्मच धनिया पाउडर, एक छोटी चम्मच जीरा पाउडर, नमक (स्वादानुसार), आधी छोटी चम्मच लाल मिर्च का पाउडर, तेल या घी।

रेसिपी

मसूर दाल कबाब बनाने का तरीका

सबसे पहले पानी में भिगोई हुई मसूर दाल को छानकर एक बर्तन में डालें, फिर इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, प्याज, हरा धनिया, गरम मसाला, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, नमक, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इस मिश्रण को मिक्सी में पीसकर एक चिकना मिश्रण बना लें। इसके बाद मिश्रण को छोटे-छोटे कबाब के आकार में गूंथ लें, फिर इन्हें थोड़े से तेल में सेंकने के बाद गर्मागर्म परोसें।

Advertisement

लाभ

मसूर दाल कबाब के फायदे

मसूर दाल का कबाब बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मसूर दाल प्रोटीन का एक बढ़िया स्रोत है। इससे दिल को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। यह कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला खाना है, जो मधुमेह के रोगियों के लिए फायदेमंद है। इसके अलावा मसूर दाल का कबाब वजन नियंत्रित करने में भी मददगार हो सकता है। यह कबाब आपके भोजन को पौष्टिकता से भरपूर बना सकता है।

Advertisement

भंडारण

कबाब को स्टोर करने का तरीका

अगर आप मसूर दाल के कबाब को ज्यादा बनाकर रखना चाहते हैं तो इसे फ्रीजर में स्टोर किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले कबाब को प्लेट में रखें, फिर इसे फ्रीजर में रखें। जब आपको कबाब खाने का मन हो तो इसे निकालकर कुछ मिनट कमरे के तापमान पर रखें, फिर इसे तवे पर तेल लगाकर हल्का सुनहरा होने तक सेंकें और गर्मागर्म परोसें। यह तरीका आपके समय की बचत भी करता है।

Advertisement