LOADING...
शादी के सीजन में रहेगा इन रंगों का बोलबाला, दुल्हन करें इनका चयन

शादी के सीजन में रहेगा इन रंगों का बोलबाला, दुल्हन करें इनका चयन

लेखन सयाली
Feb 12, 2024
12:03 pm

क्या है खबर?

शादियों का सीजन आते ही फैशन जगत में भी कई बदलाव आते हैं। हर सीजन के अनुसार नए तरह का स्टाइल, चलन और रंग आते हैं। इस सीजन के सबसे पसंदीदा रंगों में हल्के रंगों के साथ-साथ गाढ़े-चटक रंग भी शामिल हैं। गर्मियों के मौसम के हिसाब से प्रसिद्ध रंग आपकी शादी की वॉर्डरोब को प्रभावित करने और आपको स्टाइलिश दिखाने में मदद करेंगे। इन रंगों के चुनाव और फैशन टिप्स से आप सबसे खूबसूरत दिखेंगी।

#1

शादी सीजन के लिए आइवरी और बेज रंग 

आइवरी और बेज रंग के विभिन्न शेड 2024 में शादी सीजन के लिए सबसे अच्छे रहेंगे। दुल्हन के फैशन में यह पहली पसंद हो सकते हैं। ये जीवंत और हल्के रंग आपको सुंदर के साथ-साथ एलिगेंट भी दिखाते हैं। इन रंगों के चुनाव से आप सभी दुल्हनों में सबसे हटकर दिखेंगी। आप आइवरी और बेज के किसी भी टोन का लहंगा अपने संगीत या रात के फंक्शन में भी पहन सकती हैं। इन रंगों की शेरवानी दूल्हों पर भी जंचेगी।

#2

बोल्ड दिखने के लिए सुर्ख लाल और गुलाबी

भारत की संस्कृति में लाल रंग का खास महत्त्व है। यह रंग सदियों से शादियों के लिए पारंपरिक पसंद रहा है। इस साल भी सुर्ख लाल और गाढ़ा गुलाबी रंग शादी सीजन में खूब जंचेगा। ये दोनों रंग जुनून और उत्सव की भावना को दर्शाते हैं। अगर आप लाल या गुलाबी रंग का लहंगा अपनी शादी में पहनती हैं तो आप बेहद ही रॉयल और बोल्ड नजर आएंगी। अपने लहंगे के अनुसार ही मेकअप का भी चुनाव करें।

#3

रोमांटिक स्पर्श के लिए पेस्टल रंग 

पिछले साल की तरह इस साल भी पेस्टल शेड्स की लोकप्रियता बनी रहेगी। ये रंग दुल्हन के फैशन में एक रोमांटिक स्पर्श जोड़ते हैं, जिससे वे खूबसूरत और एलिगेंट दिखती हैं। हल्का गुलाबी, लैवेंडर, आसमानी नीला और सेज हरे रंगों से दुल्हन के कपड़ों में चार-चांद लग जाएंगे। इससे एक अलौकिक और हटके लुक मिलता है। ये हल्के रंग दूल्हों पर भी जंचते हैं। आप इन फैशन टिप्स से बसंत के मौसम में सुंदर दिख सकती हैं

#4

सबसे अलग दिखने के लिए गाढ़ा नारंगी 

इस साल नारंगी रंग सभी रंगों को पिछाड़ सकता है। यह रंग सबसे लोकप्रिय रंगों में से एक रहने वाला है। गाढ़ा नारंगी रंग दुल्हन के फैशन में एक असाधारण टच जोड़ेगा। यह बोल्ड और समृद्ध रंग पारंपरिक पहनावे में एक नवीनीकरण लाता है, जिससे यह आधुनिक समय की दुल्हनों के लिए एक लोकप्रिय विकल्प बन जाता है। यह रंग खास तौर पर सांवली त्वचा वाली महिलाओं पर खूब जंचेगा।

#5

रात के फंक्शन के लिए मैटेलिक रंग 

इस साल दूल्हा-दुल्हन के पहनावे में मैटेलिक रंग नजर आने की संभावना है। सोने-चांदी और अन्य धातुओं वाले रंग रात में होने वाले फंक्शन के लिए सबसे सही रहेंगे। अगर आप किसी शादी में जा रहे हैं तो आप भी इन रंग के कपड़े पहन सकते हैं। ये झिलमिलाते हुए रंग कपड़ों में ग्लैमर और अलग टच जोड़ते हैं। इनमें मैटेलिक गुलाबी, हरा, बैंगनी, मेहरून और नीला रंग खूब जंचेंगे। इन रंगों के कपडे सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।