LOADING...
200 कैलोरी से कम में बनाकर खा सकते हैं ये 5 सेहतमंद स्नैक्स, होते हैं पौष्टिक
200 कैलोरी से कम में बनने वाले स्नैक्स

200 कैलोरी से कम में बनाकर खा सकते हैं ये 5 सेहतमंद स्नैक्स, होते हैं पौष्टिक

लेखन सयाली
Feb 20, 2026
10:33 am

क्या है खबर?

अगर आप वजन नियंत्रित करना चाहते हैं तो आपको अपने खान-पान पर खास ध्यान देना चाहिए। इसके लिए ताजे फल और सब्जियों के साथ-साथ ऐसे स्नैक्स को अपनी डाइट में शामिल करें, जिनकी कैलोरी कम हों। ये स्नैक्स न केवल आपको भरपूर ऊर्जा देंगे, बल्कि वजन नियंत्रित करने में भी मदद करेंगे। आज हम आपको 5 ऐसे सेहतमंद स्नैक्स के बारे में बताएंगे, जिनमें 200 से भी कम कैलोरी होती हैं।

#1

कच्चे आम का चूड़ा

इसे बनाने के लिए एक कटोरे में कच्चे आम का चूड़ा डालें। इसके बाद इसमें नमक और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटा प्याज, बारीक कटी हरी धनिया की पत्तियां और थोड़ा नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इस मिश्रण में मूंगफली के दाने डालें और इसे परोसें। यह स्नैक स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होगा, जिसे आप हर्बल चाय के साथ खा सकते हैं।

#2

चना चाट

चना चाट बनाने के लिए सबसे पहले चने उबाल लें। अब एक कटोरे में चने, बारीक कटे टमाटर, बारीक कटा प्याज, बारीक कटी हरी मिर्च, बारीक कटी धनिया की पत्तियां, भुने हुए चने, चाट मसाला और नमक मिलाएं। इसे अच्छी तरह से मिला लें और नींबू का रस भी शामिल कर लें। अब इस मिश्रण में थोड़ा इमली का पेस्ट मिलाएं और इसे परोसें। इस चाट को खा कर आपको प्रोटीन और फाइबर मिल जाएगा।

Advertisement

#3

खजूर और बादाम की चटनी

खजूर को 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें, फिर उसको छिलकर इसका गूदा निकालें। इसके बाद खजूर के गूदे को पानी के साथ पीस लें। अब एक कटोरे में खजूर का पेस्ट, बादाम का पाउडर, जीरा पाउडर, नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आप इस रेसिपी में भीगे हुए बादाम भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जो मुलायम हो जाते हैं। इस चटनी को आप किसी भी स्नैक के साथ खा सकते हैं।

Advertisement

#4

उपमा

उपमा एक कम कैलोरी वाला नाश्ता है, जो फाइबर से भरपूर होता है। यह गर्म पकवान वजन को नियंत्रित रखेगा और आपकी लालसा को भी कम करेगा। इसके लिए कढ़ाई में सूजी को सूखा भूनकर एक प्लेट में निकाल लें। अब इसी कढ़ाई में तेल गर्म करके इसमें राई, मूंगफली और करी पत्ते भूनें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरी मटर डालकर भूनें। इसमें पानी और नमक मिलाएं और उबाल आने पर धीरे-धीरे सूजी मिलाएं।

#5

शकरकंदी चाट

सर्दियों में शकरकंदी ज्यादा खाई जाती है, जिससे बनने वाली चाट एक बेहतरीन स्नैक हो सकती है। इसके एक कटोरे में महज 200 कैलोरी होती हैं और इसका स्वाद बहुत अच्छा होता है। इसे बनाने के लिए शकरकंदी को उबालें और उसके टुकड़ों को हल्का-सा भून लें। अब एक कटोरे में इन टुकड़ों को निकालें और ऊपर से हरी चटनी, इमली की चटनी, चाट मसाला, कला नमक, सेव, अनार के दानें और प्याज डालकर खाएं।

Advertisement