Page Loader
बड़े काम आ सकते हैं नीलगिरी के तेल से जुड़े ये हैक्स
नीलगिरी के तेल के बेहतरीन हैक्स

बड़े काम आ सकते हैं नीलगिरी के तेल से जुड़े ये हैक्स

लेखन अंजली
Jul 18, 2021
01:49 pm

क्या है खबर?

नीलगिरी का तेल कई औषधीय गुणों से समृद्ध होता है, शायद इसलिए काफी समय से इसका इस्तेमाल शारीरिक समस्याओं के उपचार के लिए किया जा रहा है। हालांकि क्या आप जानते हैं कि इसका इस्तेमाल सिर्फ शारीरिक समस्याओं के उपचार तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कई अन्य कामों के लिए भी आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए आज हम आपको नीलगिरी के तेल के कुछ बेहतरीन हैक्स के बारे में बताते हैं।

#1

दांतों को प्लाक से करें मुक्त

प्लाक दांतों पर चढ़ी कीटाणु युक्त एक चिपचिपी परत होती है जिसके कारण दांतों के खराब होने का डर बना रहता है। इसलिए इसे दांतों से हटाना जरूरी है और इस काम के लिए नीलगिरी के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। राहत के लिए बस अपने टूथब्रश पर एक-दो बूंदें नीलगिरी के तेल की डालें और फिर ब्रश पर अपना टूथपेस्ट लगाएं। इसके बाद सामान्य तरीके से अपने दांतों को ब्रश करें।

#2

घर से दूर भगाएं चूहे

चूहों को नीलगिरी के तेल की सुगंध बिल्कुल पसंद नहीं होती है, इसलिए अगर आपके घर में चूहों ने आतंक मचा रखा है तो थोड़ी सी रूई को नीलगिरी के तेल से भिगोएं और फिर इसे चूहों वाली जगह पर रख दें। इसकी महक से चूहों का दम घुटने लगेगा और वे भाग जाएंगे। इसके अलावा आप चाहें तो चूहों को भगाने के लिए अपने घर में नीलगिरी की पत्तियां भी मसलकर बिखेर सकते हैं।

#3

सर्दी-खांसी से दिलाए राहत

सर्दी-खांसी से राहत दिलाने में नीलगिरी का तेल प्राकृतिक दवा के रूप में काम करता है। इसका मुख्य कारण यह है कि इस तेल में मौजूद एंटी-वायरल, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण सर्दी-खांसी को बढ़ावा देने वाले कीटाणुओं को खत्म करने में मदद करते हैं। समस्या से राहत पाने के लिए एक कटोरी में एक चम्मच नारियल के तेल के साथ नीलगिरी के तेल की दो-तीन बूंदें मिलाएं और फिर इस मिश्रण को अपनी छाती और गले पर मलें।

#4

घर की साफ-सफाई के लिए करें इस तेल का इस्तेमाल

नीलगिरी के तेल का इस्तेमाल घर की साफ-सफाई के लिए भी किया जा सकता है। इस तेल से न सिर्फ घर की सफाई आसानी से की जा सकती है बल्कि इसकी फ्रेश खुशबू भी चारों तरफ फैल जाती है। सफाई के लिए एक स्प्रे बोतल को पानी से भरें और फिर इसमें नीलगिरी के तेल की कुछ बूंदें मिलाएं। अब इस मिश्रण का इस्तेमाल घर की चीजों से लेकर फर्श आदि को साफ करने के लिए करें।