LOADING...
शमिता शेट्टी एक्सरसाइज के लिए समय न होने पर चढ़ती हैं सीढ़ियां, जानिए इसके फायदे

शमिता शेट्टी एक्सरसाइज के लिए समय न होने पर चढ़ती हैं सीढ़ियां, जानिए इसके फायदे

लेखन सयाली
Sep 16, 2025
11:41 am

क्या है खबर?

हम में से ज्यादातर लोगों को काम-काज के चलते एक्सरसाइज करने का समय नहीं मिल पाता है। हालांकि, शमिता शेट्टी ने इससे निपटने का एक कारगर उपाय साझा किया है। वह व्यस्तता के बीच सीढ़ियां चढ़कर कार्डिओ करती हैं, जिससे कैलोरी जलाने में बहुत मदद मिल जाती है। अब आपको भी व्यस्तता का बहाना बनाना छोड़ देना चाहिए और कुछ मिनट निकालकर सीढ़ियां जरूर चढ़नी चाहिए। आइए इस कार्डिओ एक्सरसाइज के फायदे जानते हैं।

जानकारी

इंस्टाग्राम पर साझा किया सीढ़ियां चढ़ने का वीडियो

शमिता ने अपने इंस्टाग्राम पर सीढ़ियां चढ़ने का वीडियो साझा किया था। पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, "जब आपके पास जिम जाने का समय न हो तो यह सरल, लेकिन प्रभावी कार्डियो एक्सरसाइज आजमाएं।" उनके मुताबिक यह कार्डिओ और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग का मिश्रण है।

#1

वजन घटाने में मिलती है मदद

जो लोग वजन घटाने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें दिन में एक बार सीढ़ियां जरूर चढ़नी चाहिए। यह एक्सरसाइज पैदल चलने से ज्यादा फायदेमंद होती है और ज्यादा कैलोरी जलाने में मदद करती है। सीढ़ियां चढ़ते समय ग्लूट्स, क्वाड्रिसेप्स, हैमस्ट्रिंग और पैरों की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं। साथ ही इसके दौरान अतिरिक्त वसा भी जलती है, जिसके परिणामस्वरूप शरीर पतला होने लगता है। जल्द वजन घटाने के लिए रोजाना 30 मिनट सीढ़ियां चढ़ें।

#2

बढ़ती है पैरों की ताकत 

सीढ़ियां चढ़ते समय सबसे ज्यादा जोर हमारे पैरों पर ही पड़ता है। लिहाजा, यह एक्सरसाइज पैरों की ताकत को बढ़ाने में सहायक होती है। ऊपर की ओर कदम बढ़ाने पर जांघ की सामने की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं। वहीं, चढ़ने के बाद खड़े होते समय पैरों के पीछे वाली मांसपेशियां सक्रीय हो जाती हैं। यह कार्डिओ एक्सरसाइज न केवल पैरों, बल्कि पूरे निचले शरीर की ताकत बढ़ाने में मदद कर सकती है।

#3

सुधरता है संतुलन और समन्वय

सीढ़ियां चढ़ने का एक और प्रमुख लाभ यह है की इससे संतुलन और समन्वय सुधरता है। इसके अभ्यास से कोर, पैरों और स्थिर मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद मिलती है। इसके परिणामस्वरूप स्थिरता बेहतर होती है और गिरने का जोखिम कम हो जाता है। यह एक्सरसाइज चोट लगने से बचने में भी सहायक होती है और गतिशीलता में सुधार करने के लिए भी जानी जाती है। साथ ही इसके जरिए पीठ भी सीधी रहती है।

#4

मांसपेशियां और हड्डियां होती हैं मजबूत

सीढ़ियां चढ़ने से मांसपेशियों को मजबूती मिल सकती है। इससे खास तौर से पैरों, पीठ और पेट की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। नियमित रूप से सीढ़ियां चढ़ने से शारीरिक ताकत बढ़ती है और आप ज्यादा सक्रिय महसूस करते हैं। साथ ही इस एक्सरसाइज के नियमित अभ्यास से हड्डियां भी मजबूत हो जाती हैं। यह एक्सरसाइज हड्डियों के घनत्व को बढ़ाने में मदद करती है, ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम को कम करती है और हड्डियों के लचीलेपन को बढ़ाती है।