सिरदर्द होने पर 70 प्रतिशत बढ़ जाता है सुनने की क्षमता खोने का खतरा- अध्ययन
क्या है खबर?
सिरदर्द की समस्या हर काम को मुश्किल बना देती है, जिसके चलते बैठना तक कठिन हो जाता है। यह परेशानी केवल वर्तमान में ही नहीं, बल्कि भविष्य में भी एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या खड़ी कर सकती है। एक नए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि ज्यादा सिरदर्द होने पर भविष्य में सुनने की क्षमता खोने का खतरा 70 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। आइए इसके बारे में विस्तार से जान लेते हैं।
अध्ययन
2 देशों में हुआ यह अध्ययन
'BMC पब्लिक हेल्थ' नाम की पत्रिका में प्रकाशित होने वाला यह अध्ययन चीन और दक्षिण कोरिया में किया गया है।
चीन के ग्वांगझू में स्थित 'ग्वांगझू यूनिवर्सिटी ऑफ चाइनीज मेडिसिन', 'लिंगनान इंस्टीट्यूट ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजी' और 'ग्वांगडोंग सेकंड ट्रेडिशनल चाइनीज मेडिसिन हॉस्पिटल' के वैज्ञानिकों ने इसे पूरा किया।
अध्ययन में यह जानने कि कोशिश की गई कि खुद बताए गए सिरदर्द का संबंध भविष्य में सुनने की क्षमता में कमी से है या नहीं।
जांच
इस तरह की गई जांच
शोधकर्ताओं ने अध्ययन के लिए दोनों देशों के लंबे समय के स्वास्थ्य संबंधी डेटासेट का मूल्यांकन किया। इसमें 'चाइना हेल्थ एंड रिटायरमेंट लोंगिट्यूडिनल स्टडी' से 61,795 लोगों और 'कोरियन लोंगिट्यूडिनल स्टडी ऑफ एजिंग' से 29,853 लोगों का डेटा शामिल था।
प्रतिभागियों की उम्र 45 से अधिक थी। अध्ययन के डेटा में, वर्तमान में सिरदर्द की स्थिति के बारे में प्रतिभागियों द्वारा दी गई जानकारी के साथ-साथ शरीर के 12 अन्य हिस्सों में होने वाले दर्द का रिकॉर्ड भी शामिल था।
प्रक्रिया
दर्द के बारे में पूछे गए सवाल
चीनी प्रतिभागियों से सबसे पहले यह पूछा गया कि क्या उन्हें अक्सर शारीरिक दर्द से परेशानी होती है। वहीं, दक्षिण कोरियाई प्रतिभागियों से सीधे तौर पर शरीर के उन हिस्सों के बारे में पूछा गया, जहां उन्हें दर्द होता है।
प्रतिभागियों ने 5 के पैमाने पर अपनी सुनने की क्षमता का मूल्यांकन भी किया। शोधकर्ताओं ने विश्लेषण के लिए इन अंकों को 2 श्रेणियों में बांटा: सुनने की क्षमता में कमी और अच्छी से लेकर बेहतरीन सुनने की क्षमता।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
नतीजों के मुताबिक, सुनने की कम क्षमता वाले वयस्कों में सिरदर्द की समस्या ज्यादा थी। सबसे कम सुनने की क्षमता वाले चीनी प्रतिभागियों में सिरदर्द की दर 28.1 प्रतिशत थी, जो बहुत अच्छी सुनने की क्षमता वालों में घटकर 8.9 प्रतिशत रह गई।
दक्षिण कोरियाई प्रतिभागियों में यह दर 7.9 प्रतिशत से घटकर 1.6 प्रतिशत हो गई। चीन में सिरदर्द से सुनने की क्षमता कम होने की संभावना 69 प्रतिशत, जबकि दक्षिण कोरिया में 75 प्रतिशत ज्यादा थी।