शरीर में ऊर्जा बढ़ाने के लिए कारगर हैं ये 5 योगासन, सुबह उठकर जरूर करें अभ्यास
क्या है खबर?
दिनभर काम करने से लेकर जिम में कड़ी मेहनत करने तक, ऐसे कई मौके होते हैं जब हमारे शरीर की ऊर्जा खत्म हो जाती है।
इससे बचने के लिए योग करना एक अच्छा विकल्प है। इससे आपके शरीर में हैप्पी हार्मोन जारी होते हैं, जो आपको दिनभर ऊर्जावान महसूस करने में मदद करते हैं।
इस कारण जो लोग योग का नियमित रूप से अभ्यास करते हैं, वे खुशहाल जीवन जीते हैं।
आइए आज इसी से जुड़े 5 योगासन जानते हैं।
#1
अधोमुख श्वानासन
सबसे पहले योगा मैट पर वज्रासन की मुद्रा में बैठ जाएं।
अब सामने की तरफ झुकते हुए अपने हाथों को जमीन पर रखें और गहरी सांस लेते हुए कमर को ऊपर उठाएं। इस दौरान घुटनों को सीधा करके सामान्य रूप से सांस लेते रहें।
इस अवस्था में शरीर का पूरा भार हाथों और पैरों पर होना चाहिए।
यह मुद्रा शरीर में ऊर्जा को वापस लाती है, शरीर को आराम देती है और रक्त प्रवाह को बढ़ाती है।
#2
उत्कटासन
सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं। अब दोनों हाथों को अपने सिर के ऊपर उठाते हुए आसमान की ओर सीधा रखें।
इसके बाद अपने घुटनों को थोड़ा मोड़ें और कूल्हों को पीछे की ओर निकालकर कुर्सी का आकार लें, फिर इसी स्थिति में रुकने की कोशिश करें।
इस स्थिति में कुछ देर तक रहने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हो जाएं।
उत्कटासन के अभ्यास से ये फायदे भी मिलते हैं।
#3
वृक्षासन
सबसे पहले दोनों पैरों को आपस में जोड़ते हुए सावधान मुद्रा में खड़े हो जाएं।
अब शरीर का संतुलन बनाते हुए बाएं पैर का तलवा दायीं जांघ पर रख लें। इसके बाद अपने हाथों को सिर के ऊपर ले जाते हुए नमस्कार की अवस्था में आ जाएं।
यह मुद्रा शरीर के अंगों की तनावग्रस्त मांसपेशियों को फैलाने और उन्हें मजबूत बनाने में मदद करेगी, जिससे ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।
वृक्षासन के अभ्यास ये फायदे भी मिलते हैं।
#4
बालासन
यह आसन आपकी मांसपेशियों को आराम पहुंचाता है, जिससे खोई हुई ऊर्जा वापस मिल जाती है।
सबसे पहले योग मैट पर वज्रासन की मुद्रा में बैठें और गहरी सांस लेते हुए हाथों को ऊपर उठाएं।
अब सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे आगे की ओर झुककर माथे को जमीन से सटाएं। इस स्थिति में दोनों हाथ सामने, माथा जमीन से टिका हुआ और सीना जांघों पर रहेगा।
कुछ देर बाद धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आ जाएं।
#5
सेतु बंधासन
सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं और फिर हथेलियों को नीचे की ओर सीधा रखें। अब धीरे-धीरे दोनों पैरों को घुटनों से मोड़कर कूल्हों के पास ले आएं।
अब कूल्हों को जितना हो सके, फर्श से ऊपर की तरफ उठाएं और इस दौरान हाथ जमीन पर रखें।
ऐसा करते हुए सांस अंदर लें और फिर सांस छोड़ते हुए वापस से सामान्य स्थिति में आ जाएं।
यह योगासन शारीरिक तनाव और थकान को दूर करने के लिए बहुत अच्छी है।