पोलैंड का मशरूम सूप है बेहद स्वादिष्ट, जानिए इसे बनाने का तरीका
क्या है खबर?
मशरूम सूप एक ऐसा व्यंजन है, जिसे कई लोग अपने खान-पान में शामिल करना पसंद करते हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि मशरूम सूप की कई किस्में होती हैं? इनमें से एक पोलैंड का मशरूम सूप है, जो स्वाद और सुगंध में काफी अलग है। आइए आज हम आपको पोलैंड के मशरूम सूप की रेसिपी बताते हैं, जिसे आप मानसून के मौसम में आसानी से बना सकते हैं और मजे से पी सकते हैं।
सामग्रियां
मशरूम सूप के लिए जरूरी सामग्री
पोलैंड का मशरूम सूप बनाने के लिए आपको 500 ग्राम ताजा मशरूम, 2 बड़े चम्मच मक्खन, 2 प्याज, 3 लहसुन की कलियां, 2 बड़ी चम्मच मैदा, 4 कप पानी, एक बड़ा चम्मच सोया सॉस, 2 छोटे चम्मच नमक, एक छोटा चम्मच काली मिर्च, एक छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, थोड़ी अजवाइन, एक छोटा चम्मच थाइम, एक कप दूध, थोड़ी क्रीम और थोड़ा बारीक कटा हरा धनिया चाहिए होगा।
आप इसमें चीज भी शामिल कर सकते हैं।
#1
मशरूम को काटकर पानी में उबालें
सबसे पहले मशरूम को अच्छे से धोकर पतले-पतले टुकड़ों में काट लें, फिर उन्हें पानी में डालकर उबालें। जब पानी उबलने लगे तो गैस बंद करके मशरूम को 5 मिनट के लिए ढककर रख दें।
इससे मशरूम नरम हो जाएंगे और उनका स्वाद भी बढ़ जाएगा। ध्यान रखें कि मशरूम को ज्यादा देर तक न उबालें, क्योंकि इससे उनका पोषण कम हो सकता है और वे अपने प्राकृतिक स्वाद को भी खो सकते हैं।
#2
तैयार करें ग्रेवी
अब एक पैन में मक्खन गर्म करके उसमें बारीक कटा प्याज और लहसुन भूनें। जब प्याज हल्के भूरे रंग की हो जाएं तो इसमें मैदा डालकर अच्छे से मिलाएं और 2-3 मिनट तक पकाएं।
इसके बाद इसमें पानी डालें और मिश्रण को अच्छे से मिलाकर पकने दें। इस मिश्रण में सोया सॉस, नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन और थाइम डालकर अच्छे से मिलाएं।
जब ग्रेवी गाढ़ी हो जाए तो गैस बंद कर दें।
#3
मशरूम वाले मिश्रण को ग्रेवी में मिलाएं
अब मशरूम वाला मिश्रण ग्रेवी में डालकर अच्छे से मिलाएं और इसे 5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसमें दूध डालें और एक उबाल आने दें।
अगर आपको सूप पतला चाहिए तो इसमें थोड़ा और पानी मिलाएं। इसके बाद सूप को धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकने दें, ताकि सारे मसाले अच्छे से मिल जाएं और इसका स्वाद बढ़िया हो जाए।
इस तरह आपका पोलैंड स्टाइल मशरूम सूप तैयार हो जाएगा।
#4
सूप को सजाकर परोसें
अब तैयार सूप को कटोरी में डालकर ऊपर से थोड़ी-सी क्रीम और बारीक कटा हरा धनिया सजाएं।
यह सूप न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छा है, क्योंकि इसमें मौजूद मशरूम प्रोटीन का अच्छा स्रोत होते हैं और इसमें कम कैलोरी होती हैं।
इसे आप किसी भी समय पी सकते हैं और इसका स्वाद सभी को पसंद आएगा। अगली बार जब आप कुछ नया खाने का मन करें तो पोलैंड स्टाइल मशरूम सूप जरूर बनाएं।