घर पर आसानी से बनाया जा सकता है ढाबे जैसा मशरूम दो प्याजा, जानिए इसकी रेसिपी
क्या है खबर?
मशरूम दो प्याजा एक स्वादिष्ट व्यंजन है, जो ढाबों में कई लोगों का आर्डर रहता है। यह खासतौर पर उन लोगों को पसंद आता है, जो मशरूम के शौकीन होते हैं। इस व्यंजन में मशरूम को प्याज और टमाटर के साथ पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। अगर घर पर मेहमान आ रहे हैं तो आप इस रेसिपी के जरिए उनके लिए घर पर ही रेस्टोरेंट या ढाबे जैसा मशरूम दो प्याजा बना सकते हैं।
सामग्री
मशरूम दो प्याजा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
मशरूम दो प्याजा बनाने के लिए आपको ये चीजें चाहिए: एक किलो मशरूम, 2 बड़े प्याज, 3 बड़े टमाटर, चार बड़े चम्मच तेल, एक चम्मच जीरा, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चम्मच गरम मसाला, नमक स्वादानुसार, हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), अदरक-लहसुन का पेस्ट, थोड़ी-सी सूखी मेथी और धनिया की पत्तियां (बारीक कटी हुई)। आप चाहें तो इनमें अपनी पसंद के अनुसार बदलाव कर सकते हैं।
#1
मशरूम दो प्याजा बनाने का तरीका
सबसे पहले मशरूम को अच्छे से धोकर काट लें। इसके बाद प्याज को बड़ा-बड़ा काटकर तेल में भूनें, जब तक कि वह सुनहरी न हो जाए। फिर इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ मिनट पकाएं। अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद टमाटर डालें और उन्हें नरम होने तक पकाएं। अब इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। फिर इसमें मशरूम डालकर ढककर 10-15 मिनट तक पकाएं।
#2
मशरूम दो प्याजा का अंतिम चरण
अब मशरूम दो प्याजा में सूखी मेथी डालकर अच्छे से मिला लें। इसके बाद इस पर बारीक कटी हरी धनिया पत्ती डालकर इसे गर्मा-गर्म रोटी या फिर चावल के साथ परोसें। इस व्यंजन का स्वाद इतना लाजवाब है कि यह आपके परिवार वालों को जरूर पसंद आएगा। आप इसे किसी भी खास मौके पर बना सकते हैं या फिर रोजमर्रा के खान-पान में शामिल कर सकते हैं। इसे नान के साथ खाने पर इसका असली स्वाद मिलता है।
#3
साथ खाने के लिए ऐसे बनाएं नान
मशरूम दो प्याजा के साथ मिलने वाली लजीज नान बनाना भी आसान है। एक कटोरे में गर्म पानी, चीनी और खमीर को मिलाकर अलग रख दें। अब एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक, पानी और खमीर मिलाकर नरम आटा गूंध लें। इसे कुछ देर के लिए रखकर फूल जाने दें। इसके बाद इसे गोल आकार में बेलें और तंदूर में पकाएं। अब इसे गैस पर भी पका सकते हैं, जिससे इसमें एक स्मोकी स्वाद आ जाएगा।