AI इस्तेमाल करने वाले आधे से ज्यादा लोग उसे मानते हैं अपना दोस्त या थेरेपिस्ट- अध्ययन
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने लोगों की जिंदगी को आसान बना दिया है, जिसकी मदद से हर काम एक क्लिक पर हो जाता है। ऐसे में लाजमी है कि लोग दिन-पर-दिन इस पर निर्भर होते जा रहे हैं। अब एक नए अध्ययन से सामने आया है कि AI इस्तेमाल करने वाले आधे से ज्यादा लोग इसे अपना दोस्त या थेरेपिस्ट मानते हैं। ये लोग उससे दोस्त की तरह बात करते हैं और उसके साथ एक संबंध जैसा बनाकर रखते हैं।
अध्ययन
असल दोस्तों के बजाय AI बन रहा है लोगों का दोस्त
'अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन' ने यह नया सर्वेक्षण किया है। इसके मुताबिक, AI का उपयोग करने वाले लगभग आधे अमेरिकी इससे एक दोस्त की तरह बातचीत करते हैं या इसके साथ अपने रिश्तों के बारे में चर्चा करते हैं।
लगभग उतने ही लोग इसका उपयोग मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर की तरह भी करते हैं। कई वयस्कों ने यह बताया कि वे तनाव के कारण अपने दोस्तों, शौक और सामुदायिक जीवन से दूरी बना रहे हैं और AI पर निर्भर हो रहे हैं।
प्रक्रिया
3,132 लोग बने इस सर्वेक्षण का हिस्सा
'हैरिस पोल' कंपनी ने 'अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन' की वार्षिक 'स्ट्रेस इन अमेरिका' रिपोर्ट के लिए 29 जुलाई से 24 अगस्त तक ऑनलाइन सर्वेक्षण किया।
इसमें 18 साल से ज्यादा उम्र के 3,132 वयस्कों को शामिल किया गया। इसमें अफ्रीकी, लैटिनो और एशियाई मूल के लोगों को अधिक संख्या में जोड़ा गया, ताकि इन समूहों का बारीकी से अध्ययन किया जा सके।
परिणामों को उम्र, लिंग, नस्ल, शिक्षा, क्षेत्र और आय के आधार पर जनसंख्या के हिसाब से जमा किया गया।
जांच
क्या रहे सर्वेक्षण के नतीजे?
प्रतिभागियों ने 10-पॉइंट स्केल पर बताया कि कितना तनाव सामान्य माना जाना चाहिए। ज्यादातर का तनाव औसतन 5.2 था। AI इस्तेमाल करने वालों में से 65 प्रतिशत लोगों ने रोजमर्रा के फैसलों के लिए और 63 प्रतिशत ने विचारों को व्यवस्थित करने के लिए इसका इस्तेमाल किया।
करीब 49 प्रतिशत ने AI से एक दोस्त की तरह बात की, 49 प्रतिशत ने अपने रिश्तों के बारे में चर्चा की और 47 प्रतिशत ने इसका इस्तेमाल एक थेरेपिस्ट की तरह किया।
AI
क्या कहते हैं आंकड़े?
हर 10 में से एक प्रतिभागी सलाह के लिए दोस्तों-परिवार के बजाय AI पर भरोसा करता है। 22 प्रतिशत लोग रोजाना या अक्सर AI के साथ एक दोस्त की तरह बातचीत करते हैं।
18-29 साल के प्रतिभागियों में से 26 प्रतिशत नियमित रूप से AI का इस्तेमाल किसी थेरेपिस्ट की जगह पर करते हैं। 30-45 साल के लोगों में यह आंकड़ा 20 प्रतिशत, 46-61 साल के लोगों में 8 प्रतिशत और 62-80 साल के लोगों में 3 प्रतिशत है।