एलन मस्क ने AI कंपनियों को लेकर जताई चिंता, सैकड़ों कंपनियों पर बंद होने का खतरा
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की छोटी कंपनियों को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उनका मानना है कि आने वाले समय में सैकड़ों AI क्लाउड कंपनियों को अपना कारोबार बंद करना पड़ सकता है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कई कंपनियों के पास महंगे कंप्यूटर उपकरण तो होंगे, लेकिन उनका पूरा इस्तेमाल नहीं हो पाएगा। इससे कंपनियों का पैसा फंस सकता है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
डाटा सेंटर
महंगे डाटा सेंटर बनाना पड़ रहा भारी
मस्क ने बताया कि AI चिप्स किराये पर देने वाली छोटी कंपनियों के सामने पैसों का संकट बढ़ रहा है।
इन कंपनियों को कंप्यूटर चिप्स खरीदने, डाटा सेंटर बनाने और उन्हें चलाने के लिए बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है। इसके लिए लगातार बिजली की भी जरूरत होती है।
अब कर्ज देने वाले संस्थान ऐसी कंपनियों को पैसा देने से कतरा रहें, जिनकी कमाई का मुख्य आधार AI डाटा सेंटर हैं और जिनके पास आय के दूसरे साधन नहीं हैं।
कर्ज
स्पेस-X को कारोबार के दम पर मिला कर्ज
छोटी कंपनियों के लिए कर्ज जुटाना कठिन हो रहा है, लेकिन मस्क की कंपनी स्पेस-X ने GPU खरीदने के लिए 40 अरब डॉलर का कर्ज हासिल किया है।
मस्क के अनुसार, कंपनी की आर्थिक स्थिति मजबूत होने से उसे यह रकम मिल सकी। स्पेस-X रॉकेट लॉन्च करने और स्टारलिंक के जरिए इंटरनेट सेवा देने से कमाई करती है।
आय के ये अलग-अलग स्रोत कर्ज देने वाली संस्थाओं को भरोसा देते हैं कि कंपनी समय पर कर्ज चुका सकती है।
आशंका
2027 में कमजोर कंपनियों के बाहर होने की आशंका
कुछ निवेशकों ने AI क्षेत्र में आने वाले संकट को लेकर चिंता जताई है। अनुमान है कि 2027 में कई कमजोर कंपनियां कारोबार से बाहर हो सकती हैं।
बिजली की उपलब्धता, स्थानीय विरोध और सरकारी मंजूरी में देरी से नए डाटा सेंटर बनाने का काम प्रभावित हो रहा है। इससे महंगे उपकरण बेकार पड़े रह सकते हैं।
मस्क के मुताबिक, आने वाले वर्षों में मजबूत आर्थिक स्थिति वाली कंपनियों को फायदा होगा, जबकि छोटी कंपनियों के लिए मुकाबला कठिन रहेगा।