बारिश में आता है मूंग दाल के पकौड़े खाने का असली मजा, जानिए इसकी आसान रेसिपी
क्या है खबर?
बारिश के दौरान गर्मा-गर्म पकौड़े खाने का अपना ही मजा है। मूंग दाल के पकौड़े एक ऐसा स्नैक है, जिसे आप बारिश के मौसम में आसानी से बना सकते हैं। यह न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छा है, क्योंकि इसमें प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है। आइए इस स्वादिष्ट व्यंजन की रेसिपी जानते हैं, जिसे आप अपने घर पर कुछ ही मिनटों में आसानी से बना सकते हैं।
सामग्री
मूंग दाल के पकौड़े बनाने के लिए जरूरी चीजें
मूंग दाल के पकौड़े बनाने के लिए आपको, 250 ग्राम मूंग दाल (5-6 घंटे पानी में भिगोई हुई), एक बड़ा चम्मच अदरक का पेस्ट, 2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), एक छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच हींग, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, एक छोटा चम्मच धनिया पाउडर, स्वादानुसार नमक, 10-12 पत्तियां हरी धनिया, राई (वैकल्पिक), तलने के लिए तेल और एक चौथाई छोटा चम्मच बेकिंग सोडा आदि चाहिए होगा।
रेसिपी
मूंग दाल के पकौड़े बनाने का तरीका
सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल को मिक्सी में दरदरा पीस लें।
अब इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में डालकर उसमें अदरक का पेस्ट, हरी मिर्च, जीरा, हींग, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, नमक, हरी धनिया और बेकिंग सोडा डालकर अच्छे से मिलाएं।
इस मिश्रण को 5 मिनट तक फेंटे, ताकि यह अच्छी तरह से फुल जाए। इसके बाद गैस पर कढ़ाई चढ़ाकर उसमें तेल गर्म करें, फिर इसमें तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी गोली बनाकर डालें।
#2
पकौड़ों को ऐसे दें सुनहरा रंग
अब धीमी आंच पर पकौड़ों को तलें। जब ये नीचे की तरफ अच्छे से पक जाएं तो इन्हें पलटकर दूसरी तरफ भी सुनहरा भूरा होने तक तलें।
इसके बाद तैयार पकौड़ों को एक प्लेट में निकालें और इसी तरह सारे मिश्रण से पकौड़े तैयार कर लें। अब एक प्लेट में मूंग दाल के पकौड़े को हरी चटनी के साथ परोसें।
यकीनन यह आपको और आपके परिवार को बेहद पसंद आएगा।
टिप्स
मूंग दाल के पकौड़े बनाने से जुड़ी जरूरी बातें
मूंग दाल के पकौड़ों को बनाते समय तेल को बहुत ज्यादा गर्म न करें, क्योंकि इससे पकौड़े बाहर से जल जाएंगे और अंदर से कच्चे रह जाएंगे।
इन पकौड़ों को बनाने के लिए आप सूखी लाल मिर्च का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आप चाहें तो इन पकौड़ों को शाम की चाय के साथ परोस सकते हैं।
बारिश के मौसम में गर्म पकौड़े और चाय का आनंद ही कुछ और है।