नींबू और अदरक से बनाएं ये स्वास्थ्यवर्धक डिटॉक्स ड्रिंक, आसान है रेसिपी
क्या है खबर?
नींबू और अदरक का मेल एक बेहतरीन स्वास्थ्यवर्धक पेय बना सकता है। यह न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि शरीर को साफ करने में भी मदद करता है। नींबू में विटामिन-C होता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और अदरक की तासीर गर्म होती है, जो पाचन तंत्र को सुधारता है। आइए आज हम आपको नींबू और अदरक के कुछ ऐसे पेय की रेसिपी बताते हैं, जो रोजाना पीने लायक हैं।
#1
नींबू और अदरक का गर्म पानी
नींबू और अदरक का गर्म पानी सबसे सरल और प्रभावी डिटॉक्स ड्रिंक है।
इसके लिए एक गिलास गर्म पानी में आधा नींबू निचोड़ें और उसमें थोड़ा कदूकस किया हुआ अदरक मिलाएं। इसे अच्छे से मिलाकर सुबह-सुबह खाली पेट पिएं।
यह पेय आपके पाचन तंत्र को सुधारता है, शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालता है और आपको ताजगी महसूस कराता है। इसके नियमित सेवन से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
#2
नींबू और अदरक का शरबत
नींबू और अदरक का शरबत एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है, जिसे आप किसी भी समय पी सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें कदूकस किया हुआ अदरक डालें। जब पानी उबल जाए तो उसमें शक्कर डालकर इसे ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसमें नींबू का रस निचोड़ें और बर्फ के टुकड़े डालकर परोसें।
यह पेय आपके शरीर को हाइड्रेटेड रखता है और ताजगी प्रदान करता है।
#3
नींबू-अदरक का छाछ
गर्मी के मौसम में ठंडा-ठंडा छाछ पीना सभी को पसंद होता है।
इसे और ज्यादा पौष्टिक बनाने के लिए इसमें नींबू और अदरक मिला सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में दही फेंट लें और उसमें नमक, भुना जीरा पाउडर, कदूकस किया हुआ अदरक और नींबू का रस डालकर मिलाएं। इस मिश्रण को ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने के बाद इसे परोसें।
यह पेय आपके पाचन तंत्र को सुधारता है और ठंडक प्रदान करता है।
#4
नींबू-अदरक की चाय
नींबू-अदरक की चाय एक स्वास्थ्यवर्धक विकल्प हो सकता है, जिसे आप दिनभर कहीं भी आसानी से बना सकते हैं।
इसके लिए सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ थोड़ा अदरक डालें। जब पानी उबलने लगे तो उसमें आधा नींबू निचोड़ें और कुछ मिनट तक इसे पकने दें। तैयार चाय को छानकर कप में डालें और इसमें शहद मिलाकर गर्मागर्म परोसें।
यह चाय आपके शरीर को साफ करने में मददगार है।