नाश्ते के लिए बनाएं बिना तेल वाले ये 5 लजीज व्यंजन, होगी तेल की बचत
क्या है खबर?
नाश्ता दिन का सबसे अहम और सेहतमंद भोजन माना जाता है। यह हमारे शरीर को ऊर्जा देने में मदद करता है। हालांकि, नाश्ते में तेल का उपयोग बढ़ाने से मोटापा और अन्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे नाश्ते के व्यंजनों की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो बिना तेल के बनाए जाते हैं और स्वादिष्ट भी हैं। इन्हें बनाकर आप तेल की बचत भी कर सकते हैं।
#1
अंकुरित सलाद
नाश्ते में कुछ हल्का और ताकत देने वाला खाने का मन कर रहा है तो आप अंकुरित सलाद खा सकते हैं। इसके लिए चना या मूंग आदि को पानी में भिगोकर अंकुरित कर लें। इसके बाद प्याज, टमाटर, खीरा, मिर्च और शिमला मिर्च आदि को काट लें। एक कटोरे में सभी चीजों को डालें और उसमें नींबू का रस, नमक और काली मिर्च शामिल करें। आप इसे खा कर फाइबर, प्रोटीन और अन्य पोषक तत्व पा सकते हैं।
#2
पैनकेक
मीठा खाना खाने के शौकीन लोगों को पैनकेक का विकल्प अपनाना चाहिए। इसके लिए आपको एक कटोरे में पैनकेक मिक्स, दूध या पानी और पिसे हुए केले मिलाने होंगे। एक पैन को गैस पर चढ़ाएं और उसमें एक चम्मच जितना मक्खन डालें। इस पर गोलाकार में पैनकेक के मिश्रण को डालें और दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाने दें। इसे आप शहद, मेपल सिरप, चॉकलेट सिरप और फलों के साथ खाएं।
#3
चिया के बीज वाली पुडिंग
चिया के बीज शरीर को कई तरह के पोषक तत्व प्रदान करते हैं और एक स्वादिष्ट नाश्ता भी होते हैं। इसकी पुडिंग खाने में बहुत अच्छी लगती है, जिसमें तेल नहीं पड़ता। इसके लिए एक कटोरे में रातभर भिगोए हुए चिया के बीज और दूध डालें। इसमें शहद, अपनी पसंद के कटे हुए फल, वेनिला का अर्क और सूखे मेवे भी शामिल करें। इसे कुछ देर फ्रिज में रखकर ठंडा करें और आनंद लेकर खाएं।
#4
ग्रीक दही और फल
ग्रीक दही ज्यादा मलाईदार दही होता है, जो नाश्ते में खाने के लिए सही विकल्प है। इसके साथ फलों का सेवन करना पेट के लिए अच्छा है और गर्मी में ठंडक भी प्रदान करता है। इसके लिए केला, सेब, संतरा, बेरी और अन्य मौसमी फलों को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब ग्रीक दही में इन्हें मिलाएं और ऊपर से थोड़ी मात्रा में शहद भी मिला दें। इसे आप ठंडा करके भी खा सकते हैं।
#5
फलों वाली स्मूदी
अगर आप खाने के बजाय कुछ पीना पसंद करते हैं तो स्वादिष्ट स्मूदी का सेवन करें। आप फलों वाली स्मूदी भी बना सकते हैं या सब्जी वाली स्मूदी का भी सेवन कर सकते हैं। इसके लिए जमे हुए केले, दही, अपनी पसंद के फल या सब्जी, शहद और चिया के बीज को मिस्की में डालकर अच्छी तरह पीस लें। इसे ग्लास में निकालें और ऊपर से बर्फ भी डालें और सेवन करें।