कृति सैनन का लेग वर्कआउट रूटीन आपके पैरों को भी बनाएगा मजबूत, जानिए करने का तरीका
क्या है खबर?
कृति सैनन ने बॉलीवुड की कई प्रसिद्ध फिल्मों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। हालांकि, वह केवल अपने अभिनय के लिए ही नहीं जानी जाती हैं, बल्कि अपनी फिटनेस से भी लोगों को प्रेरित करती हैं।
वह योग करने के साथ-साथ नियमित रूप से एक्सरसाइज करके खुद को सेहतमंद बनाए रखती हैं।
अब कृति के फिटनेस प्रशिक्षक करण साहनी ने इंस्टाग्राम पर उनका लेग वर्कआउट रूटीन साझा किया है।
आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।
वीडियो
प्रशिक्षक ने साझा किया वर्कआउट का वीडियो
कृति के प्रशिक्षक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें अभिनेत्री कसरत करती नजर आ रही हैं।
वह डंबल लंजेस नाम की एक्सरसाइज करती दिखाई दे रही हैं, जो पैरों को मजबूत बना सकती है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "लेग डे विद कृति सैनन।"
देखा जा सकता है कि कृति बोसू बॉल पर एक पैर रखकर संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं और दोनों हाथों में वजन उठाकर नीचे की ओर झुक रही हैं।
एक्सरसाइज
क्या होती है डम्बल लंजेस एक्सरसाइज?
डंबल लंजेस निचले शरीर को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज है, जिसे करने से संतुलन बेहतर होता है और मांसपेशियां मजबूत बनती हैं।
इस एक्सरसाइज के दौरान पैर, पेट और हाथ की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं, जिससे उनकी ताकत बढ़ जाती है।
जो व्यक्ति नियमित रूप से यह एक्सरसाइज करता है, उसके लिए सैर करना, सीढ़ियां चढ़ना-उतरना और रोजमर्रा के काम करना और भी आसान हो जाता है।
तरीका
इस तरह की जाती है यह एक्सरसाइज
इस एक्सरसाइज को करने के लिए पहले सीधे खड़े हो जाएं और अपने दोनों हाथों में डंबल उठा लें। अपने एक पैर को आगे की ओर बढ़ाते हुए अपने कूल्हों को नीचे की ओर ले जाएं।
आपके दोनों घुटने 90 डिग्री पर मुड़े होने चाहिए। इस दौरान अपनी पीठ को सीधा रखें और अपने एक पैर को पीछे की और झुकाएं।
इस स्टेप को दोहराते रहें और पैरों की पोजीशन बदलते रहें। कृति इसके दौरान बोसू बॉल इस्तेमाल करती हैं।
फायदे
इस एक्सरसाइज को करने से होंगे ये फायदे
डंबल लंजेस निचले शरीर की ताकत को बढ़ाने में मदद करते हैं और मांसपेशियों के निर्माण में भी सहायता करते हैं।
यह एक्सरसाइज मुख्य रूप से कमर, जांघों और हैमस्ट्रिंग मांसपेशियों को लक्षित करती है।
हालांकि, इसकी मदद से पेट और पीठ की मांसपेशियां भी मजबूत होती हैं। इससे संतुलन और स्थिरता बनाए रखना आसान हो जाता है।
डंबल उठाने से हाथों की ताकत भी बढ़ती है और अधिक फायदा होता है।