व्हीप्ड सनस्क्रीन लगाने से दूर भाग जाएगी टैनिंग, जानिए कितना फायदेमंद है यह नया उत्पाद
क्या है खबर?
गर्मी में त्वचा की देखभाल करने के लिए सनस्क्रीन इस्तेमाल करना बेहद जरूरी होता है। यह उत्पाद त्वचा को हानिकारक अल्ट्रा वॉयलेंट (UV) किरणों से सुरक्षित रखने के लिए एक परत बना देता है।
इसे लगाने से टैनिंग का खतरा नहीं रहता है और त्वचा जलती नहीं है। अबतक लोग इस उत्पाद के क्रीम, वाइप्स और स्टिक वाले प्रकार लगा रहे थे।
हालांकि, अब बाजार में एक नए तरह की सनस्क्रीन आ गई है, जिसे व्हीप्ड सनस्क्रीन कहते हैं।
व्हीप्ड सनस्क्रीन
क्या होती है व्हीप्ड सनस्क्रीन?
व्हीप्ड सनस्क्रीन एक रासायनिक सनस्क्रीन है, जिसे मूज सनस्क्रीन के नाम से भी जाना जाता है। इसकी बनावट बिलकुल शेविंग क्रीम या व्हीप्ड क्रीम की तरह होती है।
जब इसे स्प्रे किया जाता है तो हवा सनस्क्रीन फॉर्मूले के साथ मिल जाती है, जिससे यह उत्पाद झाग के रूप में बाहर निकलता है।
इसमें स्प्रे बोतल का उपयोग किया जाता है, जो सनस्क्रीन को हवा देता है। यह सामान्य क्रीम या लोशन को झाग जैसी बनावट में बदल देता है।
#1
साधारण सनस्क्रीन की तुलना में होती है हल्की
अधिकतर लोग सनस्क्रीन इसलिए नहीं इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि वह चिपचिपी होती हैं और पसीना बढ़ा देती हैं।
हालांकि, व्हीप्ड सनस्क्रीन लगाने पर ऐसी कोई भी समस्या पैदा नहीं होती है। इस क्रीम की बनावट मूज जैसी होती है, जिसके कारण यह साधारण सनस्क्रीन की तुलना में हल्की होती है।
इसमें मौजूद एक्टिव इंग्रेडिएंट इसे हाइड्रेटिंग बनाते हैं और यह त्वचा में आसानी से अवशोषित भी हो जाती है। साथ ही, यह त्वचा को चमक भी प्रदान करती है।
#2
UV किरणों से रखती है सुरक्षित
व्हीप्ड सनस्क्रीन में UVA और UVB किरणों को रोकने वाले रासायनिक तत्व मौजूस होते हैं।
ज्यादातर व्हीप्ड सनस्क्रीन में 50 से अधिक SPF (सन प्रोटेक्शन फैक्टर) होता है और वे PA (UVA का प्रोटेक्शन ग्रेड) ++++ रेटिंग के साथ आती हैं।
इन सभी खूबियों के चलते यह उत्पाद त्वचा को सूरज की किरणों से सुरक्षित रखता है, सुरक्षात्मक परत बनाता है और टैनिंग से भी बचाता है। इसके इस्तेमाल से बढ़ती उम्र के लक्षण कम हो जाते हैं।
#3
सुगंध होती है मनमोहक
व्हीप्ड सनस्क्रीन को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए उनमें मनमोहक सुगंध शामिल की जाती हैं। इनकी खुशबु के कारण शरीर महकने लगता है, जिससे पसीने की बदबू भी कम हो जाती है।
साथ ही, इस उत्पाद की खुशबु सूंघकर मन शांत होता है और मूड बेहतर हो जाता है। हालांकि, त्वचा विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि हमें त्वचा पर ऐसे ही स्किनकेयर उत्पाद लगाने चाहिए, जो सुगंध रहित हों।
ऐसा इसलिए, क्योंकी सुगंधित उत्पाद एलर्जी का कारण बन सकते हैं।
#4
बच्चों के लिए सबसे सही
बच्चे दिनभर धूप में खेलते-कूदते रहते हैं, जिसके कारण उनकी त्वचा आसानी से टैन हो जाती है। इससे बचने के लिए उन्हें सनस्क्रीन लगाना अहम तो होता है, लेकिन वे आना-कानी करने लगते हैं।
अगर आप अपने बच्चों को व्हीप्ड सनस्क्रीन लगाएंगे तो वे शिकायत करने के बजाय खुश हो जाएंगे। इसकी बनावट के चलते उन्हें यह उत्पाद मजेदार और आकर्षक लगेगा और उनकी त्वचा की सुरक्षा भी हो जाएगी।