गर्मियों में बच्चों को खिलाएं ये हरे रंग के स्नैक्स, मिलेगी ताजगी और होंगे स्वास्थ्यवर्धक
क्या है खबर?
बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए माता-पिता उनके लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक चीजें बनाते हैं। आजकल बाजार में अप्राकृतिक फ्लेवर्स और रंग वाले स्नैक्स मिलते हैं, जिनका सेवन बच्चों की सेहत पर बुरा प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में क्यों न घर पर ही हरी सब्जियों और फलों से हरे रंग के स्वास्थ्यवर्धक स्नैक्स बनाए जाएं। आइए आज हम आपको स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट हरे रंग के स्नैक्स की रेसिपी बताते हैं।
#1
पालक की चाट
इसके लिए सबसे पहले पालक की पत्तियों को धोकर उबाल लें, फिर इन्हें ठंडा करके मिक्सी में पीस लें। अब एक कटोरे में पालक का पेस्ट, थोड़ा बेसन, नमक, खाने का सोडा, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करके इसमें एक बड़ा चम्मच घोल डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें। इसी तरह अन्य चाट भी बनाए और सभी को परोसें।
#2
कीवी के पॉपसिकल
कीवी एक स्वादिष्ट फल है, जो गर्मी में बहुत पसंद किया जाता है। अगर आपके बच्चे आइसक्रीम आदि खाने की जिद कर रहे हैं तो आप उनके लिए कीवी के पॉपसिकल बना सकते हैं। इसके लिए कीवी को मिस्की में पुदीने, नींबू के रस, शहद और काला नमक के साथ पीस लें। इसे आइसक्रीम बनाने वाले सांचें में डालें और ऊपर से आइसक्रीम की स्टिक लगाकर फ्रीजर में जमने के लिए रख दें।
#3
खीरे और धनिया की हरी चटनी
सबसे पहले मिक्सी के जार में कुछ हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, लहसुन, पुदीने की पत्तियां, धनिये की पत्तियां और थोड़ा-सा नींबू का रस डालकर अच्छे से पीस लें। अब इसमें थोड़ा भुना जीरा, नमक और एक चुटकी हींग डालकर फिर से मिक्सी चलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को एक एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख दें। अब खीरे काटें और इस चटनी के साथ परोसें। यह बेहद कम कैलोरी वाला और पौष्टिक नाश्ता होगा।
#4
मटर के कबाब
सबसे पहले मटर को धोकर उबालें, फिर इन्हें ठंडा करके मिक्सी में पीसें। अब एक पैन में तेल गर्म करके जीरा भूनें, फिर इसमें हरी मिर्च का पेस्ट और पिसी हुई मटर डालकर भूनें। इसके बाद इसमें पहले से उबले हुए आलू, नमक, हल्दी, गरम मसाला, थोड़ा नींबू का रस और बारीक कटी हरी मिर्च मिलाएं और इसे 5 मिनट तक पकाएं। इस मिश्रण की गोल-गोल टिक्कियां बनाएं और तवे पर सेंक लें।