हैदराबाद की प्याज की खीर हुआ करती थी निजामों की पसंदीदा, जानिए दुर्लभ व्यंजन की रेसिपी
क्या है खबर?
हैदराबाद अपने जायकों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। अपने खान-पान के प्रेम के लिए प्रसिद्ध निजामों ने कई अनोखे व्यंजनों की विरासत पीछे छोड़ी, जो आज भी हैदराबाद की पहचान है। बिरयानी से लेकर कबाब तक, यहां आपको न जाने कितने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद मिल जाएगा। आज हम हैदराबाद की एक खास मिठाई के बारे में जानेंगे, जो मुश्किल से मिलती है। हम प्याज की खीर की बात कर रहे हैं, जो निजामों की पसंदीदा हुआ करती थी।
इतिहास
खीर में प्याज डालना किसने शुरू किया?
इस व्यंजन का नाम सुनकर आप हैरान होंगे, क्योंकि प्याज को मीठे पकवान में शामिल करने की कल्पना नहीं की जा सकती। हालांकि, यह कभी निजामी सल्तनत के शाही भोजों का अहम व्यंजन हुआ करता था। इस पकवान को 'अनोखी खीर' नाम से जाना जाता है। यह खीर पहले आम जनता द्वारा बनाई जाती थी, क्योंकि उस समय प्याज सस्ते हुआ करते थे। यही वजह थी कि लोग चावल की जगह उसी का इस्तेमाल करके खीर बना लिया करते थे।
निजाम
अनोखी खीर कैसे बनी निजामों की पसंदीदा?
आम जनता गर्मी के मौसम में अनोखी खीर बनाकर खाती थी, क्योंकि प्याज पेट को ठंडा रखते थे। बाद में जब निजामों ने इसके अनूठे स्वाद को चखा तो वे बेहद खुश हुए। उन्होंने प्याज की खीर की खूब सराहना की और उसे खास मौकों के मेन्यू में शामिल करने का फरमान सुनाया। इस खीर का स्वाद हल्का मीठा होता है, जिसमें तीखे प्याज के स्वाद का कोई नामों-निशान नहीं होता है।
रेसिपी
जानिए प्याज की खीर बनाने की रेसिपी
अनोखी खीर की रेसिपी काफी हद तक चावल की खीर जैसी ही होती है। इसके लिए सबसे पहले सफेद प्याज को काटकर कई बार पानी में उबाल लें। ऐसा करने से प्याज का कड़वापन कम हो जाएगा। जब प्याज मुलायम हो जाएं तो उन्हें दूध में पकाना शुरू करें। इसके बाद इसमें चीनी, खोया, इलायची और केसर डालकर मिला लें। अंत में इसमें बादाम, पिस्ता, काजू और मखाने आदि जैसे बारीक कटे मेवे शामिल करें। इसे ठंडा करके खाएं।
जगह
प्याज की खीर खाने के लिए करें इन जगहों का रुख
एक समय था जब प्याज की खीर हैदराबाद में आम थी। हालांकि, समय के साथ इसकी लोकप्रियता घटती गई और अब यह दुर्लभ हो गई है। यह पकवान इस शहर के कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही मिलता है। 'ज्वेल ऑफ निजाम' रेस्टोरेंट उन जगहों में से एक है, जहां आज भी यह मिठाई परोसी जाती है। भूले-बिसरे शाही व्यंजनों को पुनर्जीवित करने के लिए मशहूर यह रेस्टोरेंट इतिहास का स्वाद चखने के इच्छुक लोगों को यह अनोखी मिठाई खिलाता है।
फायदे
प्याज की खीर खाने के फायदे
प्याज की खीर केवल अपने स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य लाभों के लिए भी जानी जाती है। प्याज अपने एंटीऑक्सीडेंट गुणों के लिए जाने जाते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। दूध हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी कैल्शियम और प्रोटीन प्रदान करता है, जबकि मेवे ऊर्जा का अच्छा स्रोत माने जाते हैं। चावल के बजाय प्याज से बनी खीर खाने से पेट ठंडा रहता है और गर्मी से निजाद मिल जाता है।