Page Loader
बालों की कई समस्याओं का प्राकृतिक इलाज कर सकता है कपूर, जानिए इस्तेमाल के तरीके

बालों की कई समस्याओं का प्राकृतिक इलाज कर सकता है कपूर, जानिए इस्तेमाल के तरीके

लेखन अंजली
Sep 13, 2024
06:13 pm

क्या है खबर?

आमतौर पर कपूर का इस्तेमाल पूजा के कामकाज में होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह एक औषधी की तरह बालों की समस्याओं का प्राकृतिक इलाज करने में काफी सहयोग प्रदान कर सकता है। इसका कारण है कि इसमें ऐसे यौगिक होते हैं, जो बालों को मजबूती देने और स्कैल्प को स्वस्थ रख सकते हैं। आइए जानते हैं कि बालों पर किन-किन तरीकों से कपूर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

#1

कपूर के तेल में गुड़हल के फूल का पेस्ट मिलाकर लगाएं

अगर आपके बाल रूखे हो गए हैं तो कपूर के तेल और गुड़हल के फूलों का मिश्रण उन्हें नमी युक्त बनाए रखने में मदद कर सकता है। लाभ के लिए गर्म तिल के तेल में 6-8 गुड़हल के फूल डालें और जब तेल का रंग बदल जाए तो पैन को ढककर अलग रख दें। थोड़ी देर बाद इसमें कपूर के तेल की कुछ बूंदें मिलाएं। अब इस मिश्रण को बालों में लगाने के 30-45 मिनट बाद शैंपू से धो लें।

#2

दही और कपूर का मिश्रण है प्रभावी

बालों को जड़ से मजबूत बनाने के लिए कपूर और दही के मिश्रण का इस्तेमाल करें। इसके लिए सबसे पहले दही में कपूर का पाउडर मिलाएं। अब इस मिश्रण को बालों की जड़ों में अच्छे से लगा लें। इसके बाद करीब 30 मिनट के बाद हल्के गुनगुने पानी और शैंपू से बालों को धो लें। यहां जानिए बालों पर दही के विभिन्न इस्तेमाल

#3

कपूर और नारियल का तेल एकसाथ इस्तेमाल करें 

अगर आपके बाल काफी ज्यादा टूटते हैं तो बालों का झड़ना रोकने के लिए कपूर और नारियल के तेल में मिलाकर लगाएं। लाभ के लिए कपूर के तेल और नारियल के तेल को बराबर मात्रा में मिलाएं। अब इस मिश्रण से अपने सिर की अच्छे से मालिश करें। इस मिश्रण को लगाने के बाद अपने बालों को 30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें, फिर शैंपू लगाकर बालों को धो लें।

#4

कपूर और जैतून के तेल का मिश्रण भी है फायदेमंद 

अगर आपके सिर में बहुत खुजली या संक्रमण है तो कपूर और जैतून के तेल का मिश्रण आपकी समस्या को दूर कर सकता है। लाभ के लिए एक कटोरे में जैतून का तेल डालें, फिर उसमें थोड़ा-सा कपूर का पाउडर मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने सिर पर लगाकर धीरे-धीरे अपने स्कैल्प पर मसाज करें। इसके करीब 30 मिनट के बाद शैंपू से बालों को धो लें।

#5

कपूर और नीम भी है मददगार

एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर नीम डैंड्रफ से राहत दिलाने में मदद कर सकता है, जबकि कपूर स्कैल्प से गंदगी को दूर कर सकता है। लाभ के लिए सबसे पहले कुछ नीम की पत्तियों को मिक्सी में पीस लें, फिर इसमें पिसा हुआ कपूर मिलाएं। अब इस मिश्रण को स्कैल्प पर अच्छे से लगाएं और इसे करीब 40 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें। आखिर में बालों को शैंपू से धो लें।