मसालेदार दाल के पकोड़े: शाम के समय बनाकर खाएं ये स्नैक्स, आसान है रेसिपी
क्या है खबर?
शाम के समय चाय के साथ कुछ कुरकुरे खाने का मन किसका नहीं करता? अगर आप हर बार एक ही तरह के स्नैक्स बनाते हैं तो इस बार कुछ नया आजमाएं। इसके लिए आप मसालेदार दाल के पकोड़े बना सकते हैं। इनका स्वाद इतना अच्छा है कि ये आपके परिवार और मेहमानों को बहुत पसंद आएंगे। आइए मसालेदार दाल के पकोड़े की रेसिपी जानते हैं।
सामग्री
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
एक कप मूंग दाल (तीन-चार घंटे के लिए पानी में भिगोई हुई), आधा छोटा चम्मच जीरा, एक बड़ा चम्मच अदरक का पेस्ट, दो हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), थोड़ी हरी धनिया पत्ती (बारीक कटी हुई), एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चौथाई छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला, नमक (स्वादानुसार) और तेल (तलने के लिए)
स्टेप-1
दाल को ऐसे तैयार करें
सबसे पहले भीगी हुई दाल को छानकर मिक्सी में थोड़ा पानी डालकर बारीक पीस लें। अब एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें जीरा भूनें, फिर इसमें अदरक का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद इस मिश्रण को एक कटोरे में दाल के साथ डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें हरी धनिया पत्ती, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और नमक मिलाकर मिश्रण को अच्छी तरह से मिला लें।
स्टेप-2
पकोड़े का मिश्रण बनाएं
दाल के मिश्रण को कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें, फिर इसमें थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा मिश्रण बना लें। अब गैस ऑन करके उस पर एक कढ़ाई रखें और उसमें तेल गर्म करें। इसके बाद मिश्रण को एक हाथ में लेकर दूसरे हाथ से थोड़ा-थोड़ा तेल लगाते हुए छोटे-छोटे पकोड़े कढ़ाई में डालें। इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तलें, फिर इन्हें एक प्लेट में निकालें।
स्टेप-3
मसालेदार दाल के पकोड़े बनाने का तरीका
अब बचे हुए मिश्रण से भी इसी तरह पकोड़े बनाकर उन्हें तल लें। इसके बाद गर्मागर्म मसालेदार दाल के पकोड़ों को हरी चटनी के साथ परोसें। अगर आपके घर में किसी को तीखा खाना पसंद नहीं है तो आप पकोड़ों को बनाने के लिए लाल मिर्च पाउडर की जगह कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं। यकीन मानिए इस स्नैक का स्वाद आपके परिवार और मेहमानों को बहुत पसंद आएगा।