LOADING...
गर्मी की लहर लोगों को तेजी से बना रही बूढ़ा, अध्ययन में हुआ चौकाने वाला खुलासा

गर्मी की लहर लोगों को तेजी से बना रही बूढ़ा, अध्ययन में हुआ चौकाने वाला खुलासा

लेखन सयाली
Aug 26, 2025
03:47 pm

क्या है खबर?

पिछले कुछ सालों में गर्मी की लहर की तीव्रता और अवधि में वृद्धि दर्ज की गई है। इसके कारण न केवल दिन में, बल्कि रात में भी ज्यादा गर्मी पड़ती है। इसके चलते गर्मी से संबंधित बीमारियां बढ़ रही हैं और मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ रहे हैं। इसी बीच एक अध्ययन किया गया है, जो कहता है कि गर्मी की लहर लोगों को तेजी से बूढ़ा बना रही है। आइए इसके विषय में विस्तार से जानें।

अध्ययन

ताइवान में किया गया यह अध्ययन

इस अध्ययन को 'नेचर क्लाइमेट चेंज' पत्रिका में प्रकाशित किया गया था, जिसे ताइवान के शोधकर्ताओं ने पूरा किया। इसके जरिए सामने आया है कि बार-बार गर्म हवाओं के संपर्क में आने से मनुष्यों में उम्र बढ़ने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। इसका प्रभाव धूम्रपान, शराब पीने, अस्वास्थ्यकर भोजन खाने और एक्सरसाइज की कमी से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के समान है। शोध में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि जलवायु परिवर्तन कैसे स्वास्थ्य को बिगाड़ता है।

प्रक्रिया

25,000 लोग बने थे अध्ययन का हिस्सा

इसके लिए शोधकर्ताओं ने 15 सालों तक 25,000 लोगों पर अध्ययन किया। सभी प्रतिभागियों की जैविक आयु के साथ उनके गर्म हवाओं के संपर्क की तुलना की गई थी। सामने आया कि जो लोग 2 सालों में 4 दिन ज्यादा गर्म हवाओं के संपर्क में रहे, उनकी जैविक आयु में लगभग 9 दिन की वृद्धि हुई। घर से बाहर ज्यादा समय बिताने वाले लोग विशेष रूप से प्रभावित हुए, क्योंकि उनकी जैविक आयु में 33 दिन तक की वृद्धि हुई।

नतीजे

क्या रहे इस अध्ययन के नतीजे?

इस अध्ययन में हर व्यक्ति की जैविक आयु निर्धारित करने के लिए कई प्रकार के चिकित्सीय परीक्षणों का उपयोग किया गया। इससे सामने आया कि अनुभव किए गए गर्म हवाओं वाले दिनों की कुल संख्या का बुढ़ापे पर सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ा। हालांकि, गर्मी की लहर का हानिकारक प्रभाव समय के साथ कम भी हुआ। ऐसा तब संभव हो सका जब लोगों ने अत्यधिक तापमान से निपटने के लिए कदम उठाएं। इनमें छाया में खड़े होना आदि शामिल था।

चेतावनी

शोधकर्ताओं ने इस विषय में दी यह चेतावनी

भले ही जैविक आयु में हुई वृद्धि कम लगे, लेकिन यह केवल 2 वर्षों की अवधि में हुई है। अब शोधकर्ता लोगों के पूरे जीवनकाल में उम्र बढ़ने पर गर्मी की लहर के प्रभाव का अध्ययन कर रहे हैं। हांगकांग विश्वविद्यालय के शोधकर्ता और अध्ययन के प्रमुख लेखक डॉ कुई गुओ ने कहा, "अगर गर्मी की लहर का प्रभाव कई दशकों तक बना रहता है तो स्वास्थ्य पर इसका प्रभाव इस अध्ययन में बताए गए प्रभाव से कहीं अधिक होगा।"