LOADING...
ईरान को अमेरिकी सैन्य अड्डों से जुड़ी खुफिया जानकारी दे रहा रूस- रिपोर्ट
खबरें हैं कि रूस ईरान को अमेरिकी सैन्य ठिकानों की जानकारी मुहैया कर रहा है (फाइल तस्वीर)

ईरान को अमेरिकी सैन्य अड्डों से जुड़ी खुफिया जानकारी दे रहा रूस- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Mar 07, 2026
11:20 am

क्या है खबर?

ईरान और इजरायल-अमेरिका की जंग में रूस के भी शामिल होने के कथित संकेत सामने आए हैं। रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि जंग के दौरान रूस ईरान को खुफिया मदद दे रहा है। NBC की रिपोर्ट के अनुसार, रूस ईरान को ऐसी जानकारी दे रहा है, जिससे उसकी सेनाओं को अमेरिकी युद्धपोतों, रडार या अन्य संचार प्रणालियों का पता लगाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, अभी तक सीधी मदद की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्ट

विशेषज्ञों का अनुमान- सैटेलाइट के जरिए मदद कर रहा रूस

वाशिंगटन पोस्ट से बात करते हुए कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस में रूसी सेना के विशेषज्ञ दारा मैसिकॉट ने कहा, "ईरान अर्ली वॉर्निंग रडार या ओवर-द-होराइजन रडार पर बहुत सटीक हमले कर रहा है। वे ऐसा बहुत टारगेटेड तरीके से कर रहे हैं। वे कमांड और कंट्रोल पर निशाना साध रहे हैं। ईरान के पास सिर्फ कुछ मिलिट्री-ग्रेड सैटेलाइट हैं और उसका अपना कोई सैटेलाइट ग्रुप नहीं है। रूस की एडवांस्ड स्पेस क्षमताएं कीमती साबित हो रही हैं।"

बयान

अमेरिकी रक्षा बोले- राष्ट्रपति को सब पता कौन किससे बात कर रहा

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह जानते हैं कि कौन किससे बात कर रहा है और अमेरिका हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। उन्होंने कहा, "अगर कोई ऐसी गतिविधि हो रही है जो नहीं होनी चाहिए, चाहे वह सार्वजनिक रूप से हो या गुप्त रूप से अमेरिका उसका कड़ा जवाब दे रहा है और आगे भी देगा।"

Advertisement

ट्रंप की प्रतिक्रिया

ट्रंप ने खबरों को किया खारिज

ट्रंप ने रूस द्वारा ईरान की सहायता करने की खबरों को 'बेवकूफी भरी' बताकर खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, "यह तो उस समस्या के मुकाबले बहुत छोटी है, जिसका सामना हम यहां कर रहे हैं। इस समय ऐसा सवाल पूछना कितना बेवकूफी भरा है।" वहीं, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि इस कथित कदम से अमेरिका के सैन्य अभियान पर कोई असर नहीं पड़ा है।

Advertisement

रूस

खबरों पर रूस का क्या कहना है?

रूस ने ईरान को सैन्य या खुफिया सहायता प्रदान करने की बात की न तो पुष्टि की और न ही इन्हें खारिज किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस ईरानी नेताओं के संपर्क में है। पेस्कोव ने कहा, "हम ईरानी पक्ष और ईरानी नेतृत्व के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर रहे हैं और निश्चित रूप से यह बातचीत जारी रखेंगे।" उन्होंने सैन्य या खुफिया सहायता प्रदान करने पर कोई टिप्पणी नहीं की।

Advertisement