Page Loader
जन्मदिन विशेष: इस डाइट और एक्सरसाइज से फिट रहते हैं सनी देओल
सनी देओल की फिटनेस का राज

जन्मदिन विशेष: इस डाइट और एक्सरसाइज से फिट रहते हैं सनी देओल

लेखन अंजली
Oct 19, 2022
10:57 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल अपनी मस्क्युलर बॉडी और एक्शन भूमिकाओं के लिए काफी प्रसिद्ध हैं। बॉलीवुड के दिग्गज सुपरस्टार धर्मेंद्र के बेटे सनी अपनी वर्कआउट रूटीन और डाइट को लेकर भी बेहद अनुशासित हैं। अगर आपको भी अभिनेता के वर्कआउट की झलकियों ने प्रेरित किया है तो आइए आज (19 अक्टूबर) उनके 65वें जन्मदिन पर उनकी फिटनेस और डाइट प्लान के बारे में जानते हैं।

वर्कआउट

कभी वर्कआउट करना नहीं भूलते देओल

देओल हर दिन जिम जाते हैं। उनके वर्कआउट की शुरुआत वार्म-अप एक्सरसाइज से होती है और इसके बाद वह कार्डियो एक्सरसाइज करते हैं। फिट रहने के लिए वह रोजाना स्क्वैश और टेबल टेनिस भी खेलते हैं। जब वह बाहर शूटिंग कर रहे होते हैं तो देओल हाइकिंग या लंबी सैर पर जाना पसंद करते हैं। अभिनेता तैराकी के भी प्रशंसक हैं और रोजाना इसका अभ्यास करते हैं।

प्राणायाम

रोजाना एक घंटे प्राणायाम का करते हैं अभ्यास

देओल हर दिन कम से कम एक घंटे प्राणायाम का अभ्यास भी करते हैं जो उनके शरीर और दिमाग दोनों को संतुलित करने में मदद करता है। देओल ने एक इंटरव्यू में भी कहा था, "फिटनेस मेरे लिए एक लत है। अगर मैं वर्कआउट नहीं करता हूं तो मैं पूरे दिन ऊर्जावान महसूस नहीं करता हूं।" अभिनेता रोजाना सुबह 6 बजे उठकर प्राणायाम करते हैं। इसके बाद वह वेट ट्रेनिंग एक्सरसाइज करते हैं।

खेल

कई खेल खेलना पसंद करते हैं अभिनेता

एक इंटरव्यू में देओल ने बचपन से ही स्पोर्ट्स फ्रीक होने की बात कबूल की थी। स्कूल और कॉलेज के दौरान वह क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स समेत कई खेल टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद वह रोजाना एक या दो घंटे वर्कआउट करते हैं। साथ ही अब तक कई तरह के खेल खेलना पसंद करते हैं। इसके अतिरिक्त, वह ध्रुमपान और शराब का सेवन नहीं करते।

डाइट

फिल्म 'जिद्दी' के अभिनेता की डाइट प्लान

साल 2015 में तीन महीने के अंदर देओल ने लगभग 10 किलोग्राम वजन कम किया था और इसका ज्यादा श्रेय उनकी डाइट को जाता है। वह जंक फूड से दूर रहते हैं और अपने कार्ब्स के सेवन के लिए अधिक से अधिक फल खाना पसंद करते हैं। उन्हें दही में सेब मिलाकर खाना बहुत पसंद है। उन्हें रोजाना मक्खन और लस्सी का सेवन करना बहुत पसंद है।