LOADING...
गूगल ने बनाया 'गॉडफादर ऑफ वोगिंग' विली निंजा को समर्पित डूडल, जानिए उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण बातें
गूगल ने बनाया विली निंजा को समर्पित डूडल

गूगल ने बनाया 'गॉडफादर ऑफ वोगिंग' विली निंजा को समर्पित डूडल, जानिए उनसे जुड़ी महत्वपूर्ण बातें

लेखन अंजली
Jun 09, 2023
12:08 pm

क्या है खबर?

गूगल अक्सर अपने डूडल के जरिए विशेष अवसरों को हाइलाइट करती है और आज (9 जून) गूगल डूडल प्रसिद्ध अमेरिकी डांसर विली निंजा का 62वां जन्मदिन मना रहा है। विली को 'गॉडफादर ऑफ वोगिंग' कहा जाता है, जो एक तरह का डांस फॉर्म है। उन्होंने 1980 और 90 के दशक में LGBTQ+ को पहचान दिलाने के लिए कई तरह की चीजें की। आइए आज उनके जीवन से जुड़ी कुछ प्रमुख बातें जानते हैं।

परिचय

मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे थे विली

साल 1961 में विली निंजा का जन्म एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ और अपनी पढ़ाई-लिखाई पूरी करने के बाद उनकी रुचि डांस के प्रति बढ़ने लगी। इस बारे में जब उन्होंने अपनी मां को बताया तो उन्होंने विली को स्पोर्ट किया, लेकिन उनके पास इतने पैसे नहीं थे कि वो उन्हें डांस क्लासेस भेज सकें। हालांकि, विली ने खुद ही इतनी मेहनत की और कुछ ही समय में वो एक मशहूर कोरियोग्राफर, रनवे मॉडल और मॉडलिंग कोच बन गए।

LGBTQ

LGBTQ+ ब्लैक और लातीनी लोगों के लिए उठाई आवाज

विली का असली नाम विलियम रोसको लीक था, जिन्हें विशेष रूप से LGBTQ+ ब्लैक और लातीनी के लिए आवाज उठाने के लिए याद किया जाता है। आधुनिक समाज में स्त्री-स्त्री और पुरुष-पुरूष के संबंधों को कुछ हद तक मान्यता मिलने लगी है। ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों को भी महत्व दिया जा रहा है, लेकिन विली ने ऐसे समय में इन लोगों के लिए काम किया, जब इस तरह की विचारधारा को समाज में एक बड़ा अपराध माना जाता था।

समुदाय

विली ने द आइकॉनिक हाउस ऑफ निंजा समुदाय बनाया

साल 1982 में विली ने न्यूयॉर्क शहर में समलैंगिक और ट्रांसजेंडर बच्चों को अपनाया और द आइकॉनिक हाउस ऑफ निंजा समुदाय बनाया था, जो आज भी LGBTQ+ अश्वेत लोगों का प्रतिनिधित्व करता है। यही नहीं, साल 1990 में आज ही के दिन अमेरिका में न्यूफेस्ट न्यूयॉर्क LGBTQ फिल्म फेस्टिवल के दौरान 'पेरिस इज बर्निंग' नामक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई थी। इसमें विली और आइकॉनिक हाउस ऑफ निंजा शामिल थे।

मृत्यु

एड्स के कारण विली का हुआ निधन

विली की अनूठी शैली और प्रतिभा ने वोगिंग को कला के रूप में आकार देने में योगदान दिया। उन्होंने कई अद्भुत मूव्स का आविष्कार करके हाथ और भुजाओं के कठिन मूवमेंट्स का दुनियाभर में मशहूर किया। उनका डांस फॉर्म आज समलैंगिक पहचान का एक बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है। महज 45 साल की कम उम्र में विली का एड्स जैसी घातक बीमारी से निधन हो गया।