वान गॉग की 5 सबसे मशहूर पेंटिंग, जो आज भी हैं लाखों कलाकारों की प्रेरणा
क्या है खबर?
विन्सेंट वान गॉग जैसा कलाकार दुनिया को इतनी खूबसूरत कलाकृतियां भेंट कर गया कि आज भी वे लाखों कलाकारों की प्रेरणा बनी हुई हैं।
उनका नाम कला जगत में हमेशा सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा, क्योंकि वह आज भी दुनिया के सबसे महान पेंटर में से एक हैं।
कला का नाम लेते ही मन में 'स्टारी नाइट' की छवि खुद-ब-खुद आ जाती है। इसी कड़ी में आज हम आपको वान गॉग की 5 सबसे मशहूर पेंटिंग के बारे में बताएंगे।
#1
स्टारी नाइट
वान गॉग की 1889 में बनाई गई स्टारी नाइट दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित पेंटिंग में से एक है।
इस पेंटिंग में जो दृश्य हम देखते हैं, वह वास्तव में उस दृश्य से प्रेरित है, जो वान गॉग उस रात अपने बेडरूम से देख रहे थे।
इस पेंटिंग में नीले आसमान, चमकते हुए चांद और सितारों को छोटी-छोटी रेखाएं बनाकर रूप दिया गया है।
इसके निचले हिस्से में एक गांव दिखाई देता है और एक सूखा हुआ पेड़ भी दिखता है।
#2
सूरजमुखी
1888-89 के दौरान वान गॉग ने फूलदान में रखे हुए सूरजमुखी के फूलों की 5 पेंटिंग बनाई थीं। इन्हें उन्होंने फ्रांस स्थित आर्ल्स में प्रवास के दौरान तैयार किया था।
इनमें पीले रंग के अलग-अलग शेड इस्तेमाल किए गए थे और हरा रंग भी उपयोग हुआ था।
वान गोघ ने बताया था कि उनके लिए सूरजमुखी आभार का प्रतीक है, जिस कारण उन्होंने ये पेंटिंग बनाई थीं।
सबसे प्रसिद्ध सूरजमुखी पेंटिंग में कुछ फूल मुरझाए हुए भी बनाए गए हैं।
#3
द बैडरूम इन आर्ल्स
वान गॉग की सबसे प्रसिद्ध पेंटिंग में से एक 'द बेडरूम इन आर्ल्स' भी है। इसे उन्होंने 1888 में बनाया था और यह उनके असल बैडरूम की तस्वीर है।
इसमें वान गोघ ने अपने साधारण फर्नीचर को ब्रश की मदद से कैनवस पर उकेरा है, जिसमें विपरीत रंगों का प्रयोग किया गया है।
वान गॉग ने अपने भाई थियो को पात्र में लिखा था, "इस पेंटिंग को देखकर दिमाग को शांति मिलनी चाहिए।"
#4
द पोटैटो ईटर
द पोटैटो ईटर एक बेहद सुंदर पेंटिंग है, जिसमें एक परिवार एक साथ बैठकर आलू खा रहा है। इतनी साधारण पेंटिंग भी दुनिया की सबसे मशहूर कलाकृतियों में गिनी जाती है।
1885 की इस पेंटिंग के जरिए वान गॉग की शैली और तकनीक का बहुत विकास हुआ था। इसमें उन्होंने शेडिंग, स्केचिंग और पेंटिंग की नई-नई तकनीकों का नमूना पेश किया था।
यह पेंटिंग गरीबी में जी रहे परिवार को दर्शाती है।
#5
आईरिसेस
आईरिसेस वान गॉग की आइरिस की एक श्रृंखला है, जो उन्होंने असायलम में रहने के दौरान बनाई थी।
ये बैंगनी फूल असायलम के बगीचे में लगे थे, इसलिए वे उनके जीवन के उस चरण के दौरान बनाए गए उनके कई चित्रों में दिखाई देते हैं।
यह श्रृंखला उकियो-ई जापानी प्रिंट से प्रभावित है, जिसमें फूलों को फोकस के रूप में बनाया जाता है। इस पेंटिंग में उनके नरम स्वभाव को दर्शाने के लिए जीवंत रंगों का उपयोग किया गया था।