तंगी के दौरान खत्म हो गई गैस? बिना पकाए बनाएं ये 5 स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन
क्या है खबर?
इन दिनों गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है और मिलने में भी परेशानी हो रही है। ऐसे में गैस खत्म हो जाए तो बड़ी मुसीबत खड़ी हो जाती है। हालांकि, अगर आपके पास गैस नहीं है तो इसका मतलब यह नहीं है कि आप स्वादिष्ट खाना नहीं बना सकते। ऐसे कई व्यंजन हैं, जिन्हें बिना पकाए के बनाया जा सकता है। आइए ऐसे व्यंजनों की रेसिपी जानते हैं, जो गैस के बिना बन सकते हैं।
#1
सैंडविच
सैंडविच एक ऐसा व्यंजन है, जिसे आप बिना गैस के भी बना सकते हैं। इसके लिए आपको बस ब्रेड के 2 स्लाइस, अपनी पसंदीदा सब्जियां और कुछ सॉस चाहिए होंगे। आप ब्रेड को टोस्टर में सेंक सकते हैं या बिना सेंके ही खा सकते हैं। इसमें टमाटर, खीरा, प्याज, सलाद पत्ते और चटनी डालकर इसे और भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। इस पर आप चीज, मेयोनीज और सैंडविच स्प्रेड भी लगा सकते हैं।
#2
अंकुरित सलाद
अंकुरित सलाद बिना गैस के बनने वाला एक बेहद पौष्टिक व्यंजन है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को रातभर पानी में भिगोएं और अगली सुबह इसे छानकर एक कटोरे में निकाल लें। अब कटोरे में बारीक कटा टमाटर, खीरा, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और नमक मिलाएं। इसके बाद इसमें एक चम्मच नींबू का रस डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। अंत में इस पर भुना हुआ जीरा पाउडर छिड़कें और इसे परोसें।
#3
सूप
सूप एक सेहतमंद और पौष्टिक विकल्प हो सकता है, जिसे आप बिना गैस के बना सकते हैं। इसके लिए टमाटर, प्याज और गाजर आदि जैसी सब्जियों को बारीक काटकर पानी में डालें। अब एक हैंड ब्लेंडर या फिर मिक्सर की मदद से इसे अच्छी तरह पीस लें। इस मिश्रण में नमक, काली मिर्च और अपने पसंदीदा मसाले डालें। अब इसे अच्छे से पकाएं। यह एक तरह का ठंडा सूप होगा, जो गर्मियों में पसंद किया जाता है।
#4
ओवरनाइट ओट्स
चिया सीड को ओवरनाइट ओट्स में मिलाकर आप एक पौष्टिक भोजन बना सकते हैं, जो बिना पकाए तैयार हो जाता है। इसके लिए एक कटोरी में आधा कप रोल्ड ओट्स, एक बड़ा चम्मच चिया सीड, आधा कप दूध और थोड़ा-सा शहद मिलाएं। इसे रातभर फ्रिज में रखें, ताकि सभी सामग्री अच्छे से मिल जाएं। अगली सुबह उठकर इसमें केले या स्ट्रॉबेरी जैसे ताजा फल डालें और आपका पौष्टिक नाश्ता तैयार हो जाएगा।
#5
स्मूदी
अगर आपको खाने के बजाय कुछ पीना का मन है, फिर तो सारी मुश्किल हल हो जाएगी। आप खाने के समय पौष्टिक स्मूदी बनाकर पी सकते हैं, जिसे पकाने की कोई जरूरत नहीं होती। इसके लिए अपनी पसंद की सब्जियों या फलों को जमा लें। अब इन्हें मिक्सी में डालें और दही, दूध, शहद, पानी और चिया सीड मिलाएं। मिश्रण को पीस लें और गिलास में निकालकर इसका सेवन करें।