Page Loader
हैदराबाद की ये पांच चीजें हैं बहुत मशहूर, यात्रा के दौरान जरूर करें खरीदारी
हैदराबाद से ये पांच चीजें जरूर खरीदें।

हैदराबाद की ये पांच चीजें हैं बहुत मशहूर, यात्रा के दौरान जरूर करें खरीदारी

लेखन अंजली
Sep 20, 2022
06:00 am

क्या है खबर?

अपनी आकर्षक वास्तुकला, ऐतिहासिक स्मारकों, महानगरीय संस्कृति और विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जाना जाने वाला हैदराबाद देश का एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। हालांकि, यह घूमने के लिए ही नहीं बल्कि यूनिक चीजों की खरीदारी के लिए भी यह एक आदर्श जगह है। अगर आप कभी भी हैदराबाद घूमने के लिए जाएं तो वहां से इन पांच चीजों को खरीदकर घर जरूर लाएं। ये चीजें आपकी यात्रा के समय की खूबसूरत यादों का अहसास दिलाती रहेंगी।

#1

मोती

काफी समय से मोती व्यापार के केंद्र के रूप में जाना जाने वाला हैदराबाद लोकप्रिय रूप से अच्छी गुणवत्ता वाले मोती के लिए प्रसिद्ध है। ये साधारण लेकिन आकर्षक गहने आमतौर पर सफेद रंग के मोती से जड़े हुए होते हैं। हालांकि, यहां आपको चावल, बसरा, काले और गुलाबी मोती भी मिल जाएंगे। आप चारमीनार या चार कमान के पास की गलियों में पॉलिश और कच्चे मोतियों को खरीदने के लिए जा सकते हैं।

#2

बिदरी वेयर वाली चीजें

आकर्षक बिदरी वेयर की चीजों की उत्पत्ति ईरान में हुई थी। बिदरी वेयर एक आकर्षक क्राफ्ट है, जिसमें जटिल डिजाइन की आठ चरणीय प्रक्रिया शामिल है। आप हैदराबाद से फूलदान, ऐशट्रे, कैंडल स्टैंड, ज्वेलरी बॉक्स, कटोरे और प्लेट समेत विभिन्न बिदरी वेयर चीजें खरीद सकते हैं। इन चीजों में आमतौर पर पत्तियों और फूलों के डिजाइन होते हैं या चांदी में ज्यामितीय आंकड़े लिखे होते हैं, जो अंधेरे में भी चमकते हैं।

#3

खड़ा दुपट्टा

अगर आप फैशन के साथ एक्सपेरिमेंट करना पसंद करते हैं तो एक पारंपरिक खड़ा दुपट्टा खरीदना न भूलें, जो कि हैदराबादी मुस्लिम महिलाओं द्वारा पहना जाता है। दुपट्टा ही नहीं, यहां आपको खूबसूरत स्टोन से सजाई गई कुर्तियां, चूड़ीदार बॉटम और साड़ियां भी मिल जाएंगी। इन कपड़ों को सबसे पहले निजामों की बेगम पहना करती थी। वैसे आप खड़े दुपट्टे को कई तरह से पहन सकते हैं।

#4

पोचमपल्ली साड़ी

अगर आपको साड़ी पहनना पसंद हैं तो अपनी अलमारी में पोचमपल्ली साड़ी को भी शामिल करें। यह पारंपरिक बुनाई वाली रेशम और कपास की साड़ी है, जो विभिन्न रंगों और ज्यामितीय डिजाइनों में आती हैं। वहीं, इन साड़ियों में तोते, नृत्य करती हुई लड़कियां, फूलों और हाथियों के चित्र होते है। इन साड़ियों की उत्पत्ति भूदान पोचमपल्ली से हुई है। बता दें कि एयर इंडिया का केबिन क्रू विशेष रूप से डिजाइन की गई पोचमपल्ली सिल्क साड़ी पहनता है।

#5

बंजारा कशीदाकारी चीजें

बंजारा कशीदाकारी चीजें आंध्र प्रदेश के बंजारा जनजाति के खानाबदोश लोगों द्वारा बड़ी मेहनत से बनाई जाती है। आप इस अनूठी कशीदाकारी को लेटर होल्डर, बैग, कुशन, वॉल हैंगिंग, पर्स, पाउच, क्लिल्ट और पिलो कवर के रूप में खरीदकर अपने साथ ला सकते हैं। जीवंत रंगों, डिजाइन और पैटर्न समेत रंगीन मोतियों से की जाने वाली बंजारा कशीदाकारी चीजें आपके घर की सजावट में चार चांद लगा देंगी।