वजन को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं ये पांच तरह के हाई-कैलोरी फल
क्या है खबर?
अगर आपका मानना यह है कि फलों का सेवन सिर्फ वजन घटाने में सहयोग प्रदान कर सकता है तो आप गलत हैं क्योंकि कुछ फल ऐसे होते हैं, जो वजन बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।
जी हां, कुछ फल हाई-कैलोरी से युक्त होते हैं, जो आपका वजन स्वस्थ तरीके से बढ़ाने में सहायक हैं। यही नहीं, उनका सेवन आपको कई तरह के अन्य स्वास्थ्य लाभ भी दे सकता है।
चलिए फिर आज पांच हाई-कैलोरी फलों के बारे में जानें।
#1
केला
अगर आप प्राकृतिक तरीके से वजन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं तो केले को अपनी डाइट में शामिल करना एक अच्छा विचार हो सकता है।
यह हाई-कैलोरी फल पोटेशियम, मैग्नीशियम, कार्ब्स, विटामिन-B6, फाइबर, इलेक्ट्रोलाइट्स और प्रोटीन से भरपूर होता है।
एक केले में लगभग 119 कैलोरी होती है, लेकिन अगर आपको इसे सीधा खाना पसंद नहीं है तो आप इसे स्मूदी या फिर दलिया में मिलाकर खा सकते हैं।
#2
आम
कॉपर और विटामिन-A, विटामिन-B और विटामिन-E जैसे आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर आम एक हाई-कैलोरी फल है और इसमें अच्छी मात्रा में कार्ब्स भी मौजूद होते हैं, जो इसे वजन बढ़ाने के लिए एकदम सही बनाते हैं।
इसके अतिरिक्त, आम का सेवन शरीर में गैस्ट्रिक एंजाइम के उत्पादन को सुविधाजनक बनाता है।
एक कप आम में करीब 99 कैलोरी होती है। प्राकृतिक रूप से वजन बढ़ाने के लिए आप आम को सलाद, दही या स्मूदी में मिला सकते हैं।
#3
एवोकाडो
कई तरह स्वस्थ फैट, फाइबर और आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर एवोकाडो एक विदेशी फल है, जिसका सेवन भी आपका वजन स्वस्थ तरीके से बढ़ाने में मदद कर सकता है।
इसमें विटामिन, खनिज और कई ऐसे यौगिक होते हैं, जो कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने में सहायक हैं।
एक मध्यम आकार के एवोकाडो में लगभग 162 कैलोरी होती है।
आप एवोकाडो को स्मूदी या मिल्कशेक में मिला सकते हैं या सुबह नाश्ते के लिए एवोकाडो टोस्ट बनाकर खा सकते हैं।
#4
नारियल
हाई फैट और अच्छी मात्रा में कार्ब्स से भरपूर नारियल का सेवन न केवल आपका वजन प्राकृतिक रूप से बढ़ाने में मदद कर सकता है बल्कि कई तरह के अन्य स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान कर सकता है।
यह फास्फोरस और कॉपर से भरपूर होता है, जो आपकी हड्डियों के लिए बहुत अच्छा है।
एक कप कटे हुए नारियल में 283 कैलोरी होती है। वजन बढ़ाने के लिए आप इसे फलों के सलाद, फ्राइज और स्मूदी में शामिल कर सकते हैं।
#5
खजूर
वजन बढ़ाने के लिए सबसे अच्छे फलों में से एक खजूर कॉपर, मैंगनीज, विटामिन-B6 और आयरन से भरपूर होते हैं।
इस हाई-कैलोरी फल में प्राकृतिक शर्करा होती है, जो वजन बढ़ाने में मदद करती है।
100 ग्राम खजूर में 277 कैलोरी होती है।
स्वस्थ, प्रोटीन से भरपूर और उच्च कैलोरी वाले नाश्ते के लिए आप खजूर को नारियल और बादाम के मक्खन के साथ खा सकते हैं।