LOADING...
आम से जुड़े इन भ्रमों को सच मानते हैं लोग, जानिए इनकी सच्चाई

आम से जुड़े इन भ्रमों को सच मानते हैं लोग, जानिए इनकी सच्चाई

लेखन अंजली
May 20, 2021
09:05 pm

क्या है खबर?

आम एक स्वास्थ्यवर्धक फल है और इसके सेवन से कई तरह के स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। हालांकि बहुत से लोग इससे जुड़े कई भ्रमों को सच मानते हैं और आम को अपनी डाइट से बाहर कर देते हैं। जी हां, आम से जुड़े ऐसे कई भम्र हैं जिन पर लोग काफी समय से भरोसा करते आ रहे हैं, लेकिन इनके पीछे की सच्चाई अलग ही है। आइए आज हम आपको आम से जुड़े कुछ भ्रम और इनकी सच्चाई बताते हैं।

#1

भ्रम- आम खाने से मुंहासों की समस्या होती है

शायद यह सबसे आम भ्रम है कि आम खाने से मुंहासों की समस्या होने लगती है, लेकिन यह बात सच से कोसों दूर है। आम कई तरह के विटामिन्स, मिनरल्स के साथ-साथ एंटी-ऑक्सीडेंट्स गुणों से समृद्ध होता है जो त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। इसमें केरोटिन नाम का एक खास तत्व भी पाया जाता है जो त्वचा को बेदाग और चमकदार बनाने में मदद करता है। इसलिए यह कहना गलत होगा कि आम खाने से मुंहासे होते हैं।

#2

भ्रम- आम खाने से वजन बढ़ता है

अगर आप इस बात को सच मानते हैं कि आम खाने से वजन बढ़ता है तो आपको बता दें कि यह सिर्फ आपका भ्रम है। इस बात का कोई मेडिकल प्रमाण नहीं है कि आम का सेवन मोटापे का कारण बन सकता है। हालांकि ऐसे कई अध्ययन हैं जिनसे यह सिद्ध होता है कि आम फाइबर युक्त होता है जो वजन को नियंत्रित रखने में काफी मदद कर सकता है।

#3

भ्रम- मधुमेह रोगियों को आम नहीं खाना चाहिए

आम से जुड़ा एक भ्रम यह भी है कि इसका सेवन मधुमेह रोगियों को नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे उनकी मधुमेह की समस्या बढ़ जाती है, जबकि यह एक गलत तथ्य है। विशेषज्ञों की मानें तो मधुमेह रोगियों के लिए 55 से कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) वाले फल का सेवन लाभदायक होता है और आम का GI 51 होता है। इसलिए अगर मधुमेह रोगी सीमित मात्रा में आम का सेवन करें तो इससे उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।

#4

भ्रम- आम खाने से शरीर में गर्माहट उत्पन्न हो जाती है

कई लोगों का यह मानना है कि आम खाने से शरीर में गर्माहट उत्पन्न होने लगती है, लेकिन इस बात की सच्चाई से लोग अनजान हैं। दरअसल, आम के छिलके में फाइटिक एसिड मौजूद होता है जो शरीर में गर्माहट का कारण बनता है। अगर आम खाने से पहले इसे ठंडे पानी में एक-डेढ़ घंटे तक भिगोकर रख दें तो इस पर मौजूद फाइटिक एसिड धुल जाता है और शरीर को आम के सेवन से ठंडक मिलती है।