Page Loader
आकर्षण का केंद्र हैं भारत की ये पांच सबसे खूबसूरत झीलें
भारत की पांच सबसे खूबसूरत झीलें

आकर्षण का केंद्र हैं भारत की ये पांच सबसे खूबसूरत झीलें

लेखन अंजली
Jul 09, 2022
06:00 am

क्या है खबर?

झील चाहें पहाड़ की चोटी पर हों या हरियाली से घिरी, उसका चमचमाता पानी और आस-पास का वातावरण पृष्ठभूमि के साथ शांति को परिभाषित करती है। अगर आप छुट्टियों के दौरान किसी ऐसी जगह जाने की प्लान बना रहे हैं, जो शांतिपूर्ण और शानदार नजारों से समृद्ध हो तो भारत में ऐसी कई जगहें हैं, जहां की खूबसूरत झीलें आपके मन मोह लेंगी। आइए आज हम आपको भारत की प्रमुख झीलों के बारे में बताते हैं।

#1

चंद्रताल झील

पहाड़ों और घास के मैदानों से घिरी यह खूबसूरत झील हिमाचल प्रदेश के लाहौल में स्थित है। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, वज्र के देवता इंद्र, युधिष्ठिर को चंद्रताल से स्वर्ग की सवारी करवाने के लिए अपने रथ से धरती पर आए थे। इसके अतिरिक्त, ऐसा भी माना जाता है कि रात के समय इस झील पर परियां आती हैं। इस झील की यात्रा करने का सबसे अच्छा समय मई के अंत से अक्टूबर की शुरुआत तक है।

#2

डल झील

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में स्थित डल झील को 'फूलों की झील', 'कश्मीर के मुकुट का हीरा' और 'श्रीनगर का गहना' आदि नामों से भी जाना जाता है। यह झील मछली पकड़ने और जल पौधों की कटाई जैसे व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं, हाउसबोट और शिकारा राइड डल झील के विशेष पर्यटक आकर्षण हैं और झील पर तैरते बाजार और बगीचे इसे अत्यधिक फोटोजेनिक भी बनाते हैं।

#3

लोकटक झील

मणिपुर की यह झील बेहद ही खास पर्यटन स्थल है, क्योंकि यह विश्व की एकमात्र ऐसी झील है, जिसमें तैरते हुए टापू पाए जाते हैं। इसके अलावा, यह झील तैरती फुमदी के लिए भी प्रसिद्ध है। फुमदी यानी मिट्टी, वनस्पति और अन्य कार्बनिक पदार्थों का जमा द्रव्य है, जो इस झील को देखने आएं पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। इसलिए जब भी मणिपुर घूमने जाएं तो इस झील को देखने जरूर जाएं।

#4

त्सो मोरिरी झील

लद्दाख में स्थित त्सो मोरीरी एक सुंदर और शांत झील है। यह झील भारत की सबसे बड़ी ऊंचाई वाली झील है, जो समुद्र तल से 4,522 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके चारों ओर आर्द्रभूमि और दलदल के साथ पन्ना पानी है, जो कई अद्वितीय पक्षियों और स्तनधारियों के लिए प्रजनन स्थल हैं। जब भी आप लद्दाख जाएं तो इस झील को देंखे बिना वापिस घर न लोंटे।

#5

गुरूडोंगमर झील

वैसे सिक्किम के प्राकृतिक सौंदर्य के चर्चें हर जगह मशहूर है, लेकिन अगर आप सिक्किम घूमने जा रहे हैं तो आपका ट्रिप इस झील को देखे बिना अधूरा होगा। यह झील समुद्र तल से 17,800 फीट की ऊंचाई पर है। गुरूडोंगमर झील गर्मी और सर्दी दोनों मौसम में अलग-अलग शानदार नजारों के साथ बेहद खूबसूरत लगती है। ये झील देखने में इतनी साफ और सुंदर है कि पर्यटक अपनी ट्रैवल लिस्ट में इसे शामिल किए बिना रह नहीं पाते।