मानसून के दौरान सांस लेने में हो रही है समस्या? इन 5 बातों का रखें ध्यान
क्या है खबर?
मानसून का मौसम बीमारियों का कारण बन सकता है, खासकर जब बात सांस से जुड़ी समस्याओं की आती है। इस मौसम में नमी के कारण संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है, जिसके कारण खांसी, सर्दी, गले में खराश और अस्थमा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे सुझाव देते हैं, जिन्हें अपनाकर आप सांस से जुड़ी समस्याओं से सुरक्षित रह सकते हैं और सर्दी-जुखाम से भी बच सकते हैं।
#1
संक्रमण से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
बैक्टीरिया और वायरस से दूर रहने के लिए अपने हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं या अल्कोहल युक्त हाथ साफ करने वाले तरल का इस्तेमाल करें। इसके अलावा अपने आस-पास सफाई बनाए रखें, ताकि कोई बैक्टीरिया न पनप सकें। किसी भी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें। इसके अलावा अपने घर की खिड़कियों को खुला ही रखें, ताकि हवा आसानी से घर के अंदर आ सके।
#2
धूम्रपान करने से बचें
धूम्रपान करने से फेफड़ों की सफाई करने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया बाधित हो जाती है। इससे फेफड़ों में सूजन आ सकती है, जो सांस की समस्याओं का कारण बन सकती है। धूम्रपान से फेफड़ों में पानी भर जाता है, जिससे उनमें सूजन आने का भी खतरा रहता है। इस वजह से फेफड़े संक्रमण के प्रति संवेदनशील हो जाते हैं। इसके अलावा धूम्रपान से कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है। केवल मानसून में नहीं, इसे हमेशा के लिए छोड़ें।
#3
नमी की समस्या से बचें
अगर आप बहुत अधिक नमी वाले वातावरण में रहते हैं तो आपके लिए सांस से जुड़ी समस्याएं होने की संभावना अधिक हो सकती है। नमी वाले वातावरण में बैक्टीरिया और वायरस अधिक होते हैं, जो संक्रमण का कारण बन सकते हैं। ऐसे में अपने घर का नमी स्तर 30 से 50 प्रतिशत के बीच में बनाए रखें। इससे बैक्टीरिया और वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
#4
सही व्यायाम करें
सांसों की समस्याओं से सुरक्षित रहने के लिए रोजाना सही व्यायाम करें। नियमित रूप से व्यायाम करने से शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ती है, जिससे फेफड़ों में ऑक्सीजन का स्तर सही बना रहता है। इसके अलावा रोजाना व्यायाम करने से फेफड़ों की कार्यक्षमता भी बढ़ती है। आप सांसों की समस्याओं से बचने के लिए दौड़ने और योग जैसे व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं और सहनशक्ति भी बढ़ा सकते हैं।
#5
खान-पान पर दें ध्यान
खान-पान का फेफड़ों की सेहत पर सीधा असर पड़ता है, इसलिए अपनी डाइट में पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करें। अपनी डाइट में ताजे फल और सब्जियों को शामिल करें, क्योंकि ये फेफड़ों को साफ करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही अच्छी गुणवत्ता वाले खाने का सेवन करें और तले-भुने खाने से दूर रहें। इसके अलावा हाइड्रेट रहने के लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।