शाम की भूख को लजीज क्रिस्पी कॉर्न से करें शांत, जानिए इसकी रेस्टोरेंट स्टाइल रेसिपी
क्या है खबर?
हम में से कई लोग रेस्टोरेंट जा कर हमेशा स्टार्टर में क्रिस्पी कॉर्न मंगाते हैं, जिसका कुरकुरा स्वाद सभी को पसंद आता है। यह एक मसालेदार स्नैक है, जो हल्का होने के साथ-साथ काफी लजीज भी होता है। इसे बनाना बहुत आसान है और इसके लिए आपको ज्यादा समय भी नहीं लगेगा। इस लेख में हम आपको क्रिस्पी कॉर्न की सरल रेसिपी बताएंगे, जिससे आप अपने घर पर कुछ ही मिनटों में इसे बना सकते हैं।
#1
क्रिस्पी कॉर्न के लिए जरूरी सामग्री
क्रिस्पी कॉर्न बनाने के लिए आपको कुछ साधारण चीजों की जरूरत होगी, जो रसोई में आसानी से मिल जाएंगी। इसके लिए आपको एक कप भुट्टे के दाने यानि स्वीट कॉर्न, 2 बड़े चम्मच मैदा, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच काली मिर्च का पाउडर, नमक स्वादानुसार, एक चम्मच कॉर्न फ्लॉर, प्याज, शिमला मिर्च, सोया सॉस, सिरका, चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो जैसे मसाले चाहिए होंगे। आप इसमें अन्य सॉस और मसाले भी डाल सकते हैं।
#2
भुट्टे को उबालने से करें शुरूआत
क्रिस्पी कॉर्न बनाने के लिए सबसे पहले भुट्टे के दानों को उबालना होगा। इसके लिए एक बर्तन में पानी उबाल लें और उसमें अपने हिसाब से थोड़ा-सा नमक भी डाल दें। पानी में हल्का उबाल आने के बाद इसमें भुट्टे के दाने डालें और उन्हें अच्छी तरह से उबल जाने दें। ऐसा करने से भुट्टे के दाने अच्छी तरह से पक जाएंगे और क्रिस्पी कॉर्न बनाने पर वे कच्चे नहीं रहेंगे।
#3
भुट्टे के दानों को तलें
अब एक बड़े बर्तन में उबले हुए भुट्टे के दानों को निकालें और कुछ देर के लिए सूख जाने दें। जब इनका पानी अच्छी तरह से सूख जाए तब इनमें मैदा मिला दें। इसी दौरान इनमें कॉर्न फ्लॉर भी शामिल करें और अच्छी तरह से मिलाएं। ध्यान रखें कि सभी भुट्टे के दानों पर अच्छी तरह से कॉर्न फ्लॉर और मैदे की कोटिंग हो गई हो। इसमें थोड़ा-सा नमक भी डालें और गर्म तेल में सभी दानों को तल लें।
#4
मसाला तैयार करें
अगर आप चाहें तो क्रिस्पी कॉर्न को इस चरण में ही खा सकते हैं। हालांकि, उसे ज्यादा लजीज बनाने के लिए उसे मसालों में भून लें। इसके लिए एक कढ़ाई में प्याज और शिमला मिर्च को भून लें। अब इसमें लाल मिर्च पाउडर, चिली फ्लेक्स, काली मिर्च का पाउडर और ओरिगैनो शामिल करें। इसके बाद इसमें थोड़ा-सा सोया सॉस और सिरका भी मिला दें। अंत में क्रिस्पी कॉर्न को इसमें डालें और एक मिनट भूनकर परोस लें।