रोजाना 2-3 कप कॉफी पीने से कम हो सकता है स्ट्रोक का खतरा, अध्ययन में खुलासा
क्या है खबर?
कॉफी दुनिया में सबसे ज्यादा पिया जाने वाला पेय है, जो ऊर्जा देने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी देता है। अगर आप हर दिन 2 से 3 कप कॉफी पीते हैं तो आप स्ट्रोक से सुरक्षित रह सकते हैं। जी हां, एक हालिया अध्ययन में सामने आया है कि नियमित रूप से सीमित मात्रा में कॉफी का सेवन करने से स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जान लेते हैं।
अध्ययन
ताइवान के शोधकर्ताओं ने किया यह अध्ययन
इस अध्ययन को ताइवान के चांग गुंग विश्वविद्यालय, चांग गुंग मेमोरियल हॉस्पिटल, ताइपे मेडिकल विश्वविद्यालय, त्जू ची विश्वविद्यालय, एशिया विश्वविद्यालय और अन्य चिकित्सा संस्थानों के वैज्ञानिकों और चिकित्सकों की एक अंतरराष्ट्रीय टीम ने मिलकर पूरा किया है।
चीन के झेंगझोउ विश्वविद्यालय के हेनान प्रांतीय पीपुल्स अस्पताल के शोधकर्ताओं ने भी इसे पूरा करने में अपना सहयोग दिया था। इसे 'जर्नल ऑफ द अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन' पत्रिका में प्रकाशित किया गया था।
जांच
लाखों लोग बने अध्ययन का हिस्सा
इस अध्ययन में यूनाइटेड किंगडम बायोबैंक (UKB) के प्रतिभागियों को शामिल किया गया, जो 4.90 लाख से ज्यादा वयस्कों का समूह है। इसके दौरान कॉफी के सेवन और स्ट्रोक के मामलों के बीच संबंधों का मूल्यांकन किया गया।
कॉफी पीने की आदत के बारे में जानने के लिए सभी प्रतिभागियों से एक प्रश्नावली भरने को कहा गया था। प्रतिभागियों को एक, 2, 3 और 4 या उससे ज्यादा कॉफी पीने के आधार पर 4 समूहों में बांटा गया।
स्ट्रोक
कैसे की गई जांच?
प्रतिभागियों के पहले स्ट्रोक की पहचान उनके द्वारा बताए गए डॉक्टर के निदान, अस्पताल के रिकॉर्ड और मृत्यु रजिस्टरों के आधार पर की गई। उन्हें स्ट्रोक आने तक उन पर नजर रखी गई थी।
जनसांख्यिकीय कारकों, सामाजिक-आर्थिक संकेतकों, जीवनशैली से जुड़े व्यवहारों, शारीरिक और कार्डियोमेटाबोलिक बायोमार्करों, दवाइयों का सेवन और चाय के सेवन को जांचने के बाद स्ट्रोक के जोखिम में अंतर का अनुमान लगाने के लिए कॉक्स आनुपातिक जोखिम मॉडल का उपयोग किया गया।
परिणाम
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
नतीजों के मुताबिक, ज्यादा कॉफी पीने वालों में श्वेत और महिलाएं अधिक शामिल थीं। अध्ययन के दौरान, ज्यादा कॉफी पीने वाले 22,579 प्रतिभागियों को स्ट्रोक आया।
सामने आया कि कॉफी के सीमित सेवन से स्ट्रोक का जोखिम कम हुआ। जो लोग रोजाना 2 या 3 कप कॉफी पीते थे, उनमें स्ट्रोक का जोखिम आधा कप या उससे कम कॉफी पीने वालों की तुलना में 14 और 8 प्रतिशत कम था।
जानकारी
कॉफी का असर
शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया कि क्लोरोजेनिक एसिड सहित कॉफी में पाए जाने वाले पॉलीफेनॉल, संवहनी कार्यप्रणाली में सुधार कर सकते हैं और ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन को कम कर सकते हैं। हालांकि, कैफीन का अधिक सेवन रक्तचाप बढ़ा सकता है।