Page Loader
जीवंत रंगों से लेकर आलीशान फर्नीचर तक, वसंत के इन ट्रेंड्स से सजाएं अपना घर 

जीवंत रंगों से लेकर आलीशान फर्नीचर तक, वसंत के इन ट्रेंड्स से सजाएं अपना घर 

लेखन सयाली
Apr 07, 2024
12:14 pm

क्या है खबर?

सर्दियों में इस्तेमाल किए गए न्यूड और हल्के रंगों को अलविदा कहकर वसंत जीवंत रंगों को चुनने का सही समय है। वसंत के महीनों में आप अपने घर को फूलों और फलों जैसा खिला हुआ और मजेदार बनाने पर विचार करें। घर की सजावट के लिए इस साल मिश्रित बनावट और ऊर्जावान रंगों का बोलबाला रहने वाला है। आइए जानते हैं 5 ट्रेंडी टिप्स, जिनसे आप वसंत में घर को फूलों-सा सुंदर सजा सकते हैं।

#1

फलों वाले चटक रंगों से खिल उठेगा घर 

वसंत वह समय है, जिसमें ताजगी और नयेपन की झलक होती है। अपने घर में भी ताजगी का अहसास जोड़ने के लिए फलों के चटक रंगों का चुनाव करें। अपने कमरे के फर्नीचर या दीवारों पर कीनू, नींबू, स्ट्रॉबेरी या संतरे जैसे फलों के चमकीले रंगों को जोड़ें। आप थोड़े हल्के रंग चाहते हैं तो अपने सोफे या कालीन को पीच और जैतून (ओलिव) के रंगों का रखें। घर के हर कमरे के लिए चुनें सही खुशबु।

#2

घर में रखें रेट्रो वाइब 

इस सीजन आप ड्राइंग रूम में एक पुराने समय का दिखने वाला बड़ा सिंगल सोफा लगा सकते हैं, जिसके पीछे फूलों के प्रिंट वाला सुंदर वॉलपेपर हो। साथ ही अपने घर के किसी कोने में आप बड़ी-सी लकड़ी की घडी या एक बड़ा लैंप लगा सकते हैं। इसके अलावा आप दीवारों पर सजाने के लिए गानों की CD और कई सारे फोटो फ्रेम भी लगा सकते हैं। कम पैसों में आलीशान घर पाने के लिए अपनाएं ये टिप्स।

#3

फर्नीचर से घर में लाएं जान 

किसी भी घर को शानदार और खूबसूरत दिखाने के लिए जरूरी होता है सही फर्नीचर चुनना। आप वसंत के मुताबिक घर सजाते समय रंगीन सोफे, बेड, लैंप और अलमारियों को इस्तेमाल करें। अपने घर में धातुई रंगों वाली कुर्सियां, मखमली वेलवेट की तकिये, मार्बल वाली कॉफी टेबल या क्रिस्टल वाला झूमर लगाएं। आप सोफे की जगह रिक्लाइनर चुनकर आराम भी सुनिश्चित कर सकते हैं। त्योहारों पर घर की सजावट के लिए अपनाएं ये तरीके।

#4

चुनें आलीशान फैब्रिक 

वसंत के समय घर को खिला हुआ दिखाने के लिए सही फैब्रिक का चुनाव करना जरूरी होता है। फैब्रिक यानी वह कपड़ा, जो सोफे, बिस्तर, तकिए, टेबल कवर आदि में इस्तेमाल होता है। वसंत के अनुसार घर की सजावट करने के लिए सैटिन सिल्क के कवर, फर वाली कालीन, ऑर्गेंजा वाले पर्दे और वेलवेट वाले तकिया के कवर लगाएं। इनमें से किसी पसंदीदा फैब्रिक को चुनकर आप उसकी चद्दर या सोफे का कवर भी खरीद सकते हैं।

#5

फूलों से सजाएं घर 

फूल हर किसी को पसंद होते हैं। इन्हें घर के अंदर या बाहर लगाने से घर की सुंदरता में चार-चांद लग जाते हैं। अपने कमरों में फूलों के गुलदस्ते रखें और उनमें सीजन के मुताबिक खूबसूरत फूल लगाएं। ऐसा करने से आपके घर से एक मीठी और मधुर सुगंध भी आती रहेगी। आप इस मौसम में गेंदा, चमेली, डेजी, गुलाब, गुलमोहर और गुड़हल के फूल घर में लगा सकते हैं। गुलदस्ते के फूलों को ताजा रखने के टिप्स।