बोनी कपूर ने 70 साल में करवाया हेयर ट्रांसप्लांट, इस उम्र में कितनी सुरक्षित है प्रक्रिया?
क्या है खबर?
'कॉफी विद करण' के हालिया एपिसोड में जाह्नवी कपूर ने अपने पिता बोनी कपूर के हेयर ट्रांसप्लांट के बारे में बात की। जाह्नवी ने बताया कि उनके पिता को एक ब्रांड ने हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए पैसे दिए थे। बोनी ने 2024 में हैदराबाद स्थित यूजेनिक्स हेयर साइंसेज में यह प्रक्रिया करवाई, जिसके दौरान उनके सिर में लगभग 6,600 ग्राफ्ट लगाए गए थे। अब सवाल यह उठता है कि 70 की उम्र में यह प्रक्रिया करवाना कितना सुरक्षित है।
हेयर ट्रांसप्लांट
पहले जानें क्या होता है हेयर ट्रांसप्लांट
हेयर ट्रांसप्लांट एक सर्जिकल प्रक्रिया है, जिसमें बालों के रोम को सिर के किसी घने और स्थायी हिस्से से निकालकर, सिर के उस हिस्से में लगाया जाता है, जहां बाल नहीं हैं या कम हो गए हैं।
नए लगाए गए बाल आमतौर पर 2-3 हफ्तों में झड़ जाते हैं, जबकि जड़ें जीवित रहती हैं और 3-4 महीनों में नए बाल उगने लगते हैं। कई बॉलीवुड सितारे इस प्रक्रिया को अपना चुके हैं।
उम्र
इतनी उम्र में हेयर ट्रांसप्लांट करवाना है सही?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ और बालों के विशेषज्ञ कहते हैं कि उम्र हेयर ट्रांसप्लांट के लिए कोई रुकावट नहीं है। 70 साल की उम्र में भी यह सुरक्षित हो सकता है।
हालांकि, व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ होना चाहिए और उसके पास पर्याप्त डोनर बाल होने चाहिए, ताकि प्रक्रिया ठीक तरह से हो।
जिन लोगों की उम्र ज्यादा होती है, उन्हें इस प्रक्रिया से पहले ज्यादा सख्त मूल्यांकन यानि जांच से गुजरना पड़ता है, ताकि कोई समस्या न खड़ी हो जाए।
खतरा
70 की उम्र में हेयर ट्रांसप्लांट कराने के जोखिम
युवाओं की तुलना में, बुजुर्गों को हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान कुछ जोखिम झेलने पड़ सकते हैं। 70 की उम्र में हृदय रोग, उच्च ब्लड प्रेशर या मधुमेह जैसी बीमारियों की संभावना ज्यादा होती है।
कई बुजुर्ग खून पतला करने वाली दवाइयां लेते हैं, जिनसे सर्जरी के दौरान खून बहने का खतरा काफी बढ़ जाता है। उम्र बढ़ने से त्वचा की कोशिकाओं का बहाल होना धीमा हो जाता है, जिससे जल्द रिकवरी नहीं हो पाती है।
अहम बातें
बुढ़ापे में हेयर ट्रांसप्लांट से पहले करें इन बातों पर गौर
बुढ़ापे में हेयर ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया से पहले हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह या हृदय रोग जैसी बीमारियों को अच्छी तरह से नियंत्रित करना जरूरी है।
70 साल की उम्र में ठीक होने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है और त्वचा में संक्रमण या लंबे समय तक सूजन रह सकती है। इस उम्र में डोनर बाल अक्सर पतले और ज्यादा नाजुक हो जाते हैं, जिससे ट्रांसप्लांट के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले ग्राफ्ट नहीं मिलते।