Page Loader
न्यूयॉर्क है दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर, शीर्ष 20 में भारत का केवल ये शहर शामिल

न्यूयॉर्क है दुनिया का सबसे बेहतरीन शहर, शीर्ष 20 में भारत का केवल ये शहर शामिल

लेखन अंजली
Jan 24, 2024
06:09 pm

क्या है खबर?

'टाइम आउट' ने हाल ही में दुनिया के 20 सबसे बेहतरीन शहरों की अपनी नई सूची जारी की, जो टाइम आउट इंडेक्स पर आधारित है। यह सूची दुनियाभर के 20,000 से अधिक शहरवासियों पर किए गए सर्वेक्षण के बाद बनाई गई है। टाइम आउट इंडेक्स के मानदंड में भोजन, संस्कृति और नाइट लाइफ जैसी चीजें भी शामिल हैं। यह सूची उन शहरों को दर्शाती है, जो न केवल घूमने के लिए बल्कि रहने के लिए भी बेहतरीन स्थान हैं।

पहला स्थान

इस कारण पहले स्थान पर रहा न्यूयॉर्क

स्थानीय लोगों के लिए जीवन की गुणवत्ता और पर्यटन के कारण अमेरिका का न्यूयॉर्क इस साल दुनिया के बेहतरीन शहरों की सूची में शीर्ष पर है। खाने-पीने से लेकर नाइट लाइफ, संस्कृति और सुंदरता तक, शहर को इसके निवासियों द्वारा पहला स्थान दिया गया और इसे दुनियाभर के लोगों ने भी पसंद किया। पिछले साल इस सूची में पहले स्थान पर यूनाइटेड किंगडम के लंदन को स्थान मिला था, जबकि न्यूयॉर्क तीसरे स्थान पर रहा था।

शीर्ष 10

शीर्ष 10 में शामिल ये शहर 

अन्य बेहतरीन शहरों की बात करें तो शीर्ष 10 में न्यूयॉर्क के बाद दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका का केपटाउन है। तीसरे स्थान पर जर्मनी की राजधानी बर्लिन है और लंदन को चौथा स्थान मिला है। इसके बाद 5वें स्थान पर स्पेन का मैड्रिड, 6वें स्थान पर मेक्सिको का मेक्सिको शहर, 7वें स्थान पर यूनाइटेड किंगडम (UK) का लिवरपूल, 8वें स्थान पर जापान का टोक्यो, 9वें स्थान पर इटली का रोम और 10वें स्थान पर पुर्तगाल का पोर्टो शहर रहा।

भारत

क्या रही भारतीय शहरों की स्थिति? 

पिछली बार एक भी भारतीय शहर टाइम आउट की सूची में शामिल नहीं था, लेकिन इस बार मुंबई शीर्ष 20 में शामिल है। यह सूची में एकमात्र भारतीय शहर है और इसे 12वां स्थान मिला है। मुंबई भारत के पश्चिमी तट पर महाराष्ट्र राज्य में स्थित है और यह देश का सबसे धनी शहर है। यह अपने शांत वातावरण के साथ-साथ सुंदर बनावट से आपको मंत्रमुग्ध कर सकता है।

बयान

शहरों में रहन-सहन की स्थिति को प्रकट करती है सूची- ग्रेस

टाइम आउट के ट्रैवल एडिटर ग्रेस बियर्ड का कहना है, "टाइम आउट अपने वार्षिक सर्वेक्षण द्वारा वर्तमान में विभिन्न शहर में रहन-सहन की स्थिति को प्रकट करता है।" उन्होंने कहा कि इस साल शीर्ष शहर न केवल विश्व स्तरीय रेस्टोरेंट, संस्कृति और नाइट लाइफ के साथ घूमने के लिए अविश्वसनीय स्थान हैं, बल्कि मजबूत सामुदायिक भावना और एक शांत वातावरण के कारण भी शानदार स्थान हैं।