Page Loader
एवोकाडो ही नहीं बल्कि इसका तेल भी है गुणकारी, इसके सेवन से मिलते हैं ये फायदे

एवोकाडो ही नहीं बल्कि इसका तेल भी है गुणकारी, इसके सेवन से मिलते हैं ये फायदे

लेखन अंजली
Apr 09, 2021
07:00 pm

क्या है खबर?

एवोकाडो के स्वाद और पौष्टिक गुणों से तो लगभग हर कोई वाकिफ है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका तेल भी स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध हो सकता है। हो सकता है कि आप इस बात से वाकिफ न हों, हालांकि यह सच है कि एवोकाडो का तेल हमें स्वस्थ रखने में मदद करता है और कई बीमारियों के लक्षणों को कुछ हद तक कम करने में भी सहायक हो सकता है। चलिए इसके कुछ फायदे जानते हैं।

#1

हृदय के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है एवोकाडो का तेल

हृदय को स्वस्थ रखने में कोलेस्ट्रॉल की अहम भूमिका होती है। जहां कोलेस्ट्रॉल का बढ़ा हुआ स्तर हृदय रोगों के जोखिम पैदा कर सकता है, वहीं अच्छे कोलेस्ट्रॉल से हृदय स्वस्थ रहता है। एक शोध के मुताबिक, एवोकाडो का तेल मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड और एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों से समृद्ध होता है। ये दोनों गुण अच्छे कोलेस्ट्रॉल को कम किए बिना हानिकारक कोलेस्ट्रॉल को कम कर सकते हैं। इसलिए एवोकाडो का तेल हृदय के स्वास्थ्य के लिए बेहतर है।

#2

आंखों के लिए भी लाभकारी है यह तेल

आंखों को विभिन्न तरह की समस्याओं से बचाए रखने में भी एवोकाडो का तेल अहम भूमिका अदा कर सकता है। एक शोध के मुताबिक, एवोकाडो के तेल में ल्यूटिन (Lutein) नामक यौगिक पाया जाता है। यह यौगिक मोतियाबिंद और उम्र के साथ होने वाली आंखों की कई समस्याओं से बचाए रखने में मदद कर सकता है। यही कारण है कि नेत्र विशेषज्ञ एवोकाडो के तेल को पौष्टिक सप्लीमेंट के रूप में डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं।

#3

गठिया से आजादी दिला सकता है यह तेल

गठिया एक शारीरिक समस्या है और इससे राहत दिलाने में भी एवोकाडो का तेल काफी हद तक मदद कर सकता है। नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (NCBI) की वेबसाइट पर प्रकाशित एक शोध के अनुसार, इस तेल में ऐनाबॉलिक (anabolic) और एंटी-केटाबॉलिक (anti-catabolic) गुणों के साथ-साथ एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी पाए जाते हैं। ये गुण गठिया की समस्या के कारण होने वाले दर्द और इसके प्रभाव को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

#4

मुक्त कणों को बेअसर कर सकता है यह तेल

मुक्त कण शरीर को कई तरह की गंभीर बीमारियों का घर बना सकते हैं और एवोकाडो का तेल इन मुक्त कणों के प्रभाव को कम करने में मदद करता है। NCBI की वेबसाइट पर प्रकाशित एक शोध में इस बात का जिक्र मिलता है कि इस तेल में पाए जाने वाले एंटी-ऑक्सीडेंट गुण मुक्त कणों को शरीर से खत्म करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आपको एवोकाडो के तेल को अपनी डाइट में शामिल करना होगा।