Page Loader
बर्फबारी देखने के शौकीन हैं? भारत की इन 5 खूबसूरत अनजानी जगहों की करें यात्रा

बर्फबारी देखने के शौकीन हैं? भारत की इन 5 खूबसूरत अनजानी जगहों की करें यात्रा

लेखन सयाली
Nov 25, 2024
11:20 am

क्या है खबर?

सर्दियां आते ही पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने लगती है और पर्वतों की चोटियां बर्फ की चादर से ढक जती हैं। ये मनमोहक नजारे देखने में किसी सपने जैसे लगते हैं और हजारों पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। अगर आप भी इस मौसम में अपनी आखों से बर्फबारी देखना चाहते हैं तो भारत की इन 5 जगहों की यात्रा पर जाएं। ये स्थान अधिक भीड़-भाड़ वाले नहीं होते हैं और आप यहां कई मजेदार गतिविधियां भी कर सकते हैं।

#1

मुनस्यारी

आम तौर पर लोग उत्तराखंड जाकर नैनीताल और देहरादून का रुख करते हैं, जहां अधिक भीड़ रहती है। हालांकि, अगर आप एकांत में बर्फबारी का आनंद लेना चाहते हैं तो मुनस्यारी का चुनाव करें। मुनस्यारी के नाम का मतलब होता है 'बर्फ वाली जगह', जहां से आप नंदा देवी, नंदा कोट और पंचाचूली जैसी बर्फ से ढकी चोटियों का अद्भुत नजारा देख सकते हैं। यहां कई गर्म पानी के झरने भी मौजूद हैं, जो आपके अनुभव को यादगार बना देंगे।

#2

लाचुंग

सर्दियों के मौसम में सिक्किम में भारी बर्फबारी होती है, जिसे देखने के लिए आप लाचुंग की यात्रा कर सकते हैं। यह एक पहाड़ी गांव है, जो सिक्किम के उत्तरी इलाके में बसा हुआ है। सर्दियों में इस स्थान पर बर्फ गिरती है, कोहरा छाया रहता है और बेहद शांत और सुखदायक माहौल बना रहता है। लाचुंग के मुख्य आकर्षण हैं 19वीं सदी का बौद्ध लाचुंग मठ, युमथांग घाटी का शिंगबा रोडोडेंड्रोन अभयारण्य और यहां के गर्म पानी के झरने।

#3

तवांग

अरुणाचल प्रदेश स्थित तवांग पूर्वोत्तर का एक कम प्रचिलित पर्यटन स्थल है, जहां आप बर्फबारी का अद्भुत नजारा देख सकते हैं। बर्फ से ढके पहाड़ों से लेकर शानदार झरनों, हरे-भरे जंगल और 400 साल पुराने मठ तक, यह जगह प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग समान है। अगर आप तवांग जा रहे हैं, तो उसके नजदीक स्थित सेला पास देखना न भूलें। सेला पास अपनी जमी हुई झील, आइस स्कीइंग जैसे साहसिक खेलों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है।

#4

लांबासिंगी

दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में भी एक खूबसूरत पहाड़ी इलाका मौजूद है, जिसे लांबासिंगी कहते हैं। यह स्थान 'आंध्र प्रदेश के कश्मीर' के नाम से मशहूर है, जहां के सुंदर नजारे आपको मंत्रमुग्ध कर सकते हैं। इस जगह पर हर साल बर्फबारी नहीं होती, लेकिन यहां जब भी बर्फ गिरती है, तो बेहद खूबसूरत दृश्य देखने को मिलता है। इस पहाड़ी इलाके के मुख्य आकर्षणों में कोथापल्ली झरना, सुसान उद्यान, घाट रोड और कोंडाकरला पक्षी अभयारण्य शामिल हैं।

#5

पहलगाम

हम सभी इस बात से वाकिफ हैं की जम्मू-कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है। इस केंद्र शासित प्रदेश में बसा पहलगाम शहर ऐसा नजारा पेश करता है, मनो आप किसी सपनों के शहर में घूम रहे हों। यहां अक्टूबर से लेकर फरवरी तक भारी बर्फबारी होती है और पूरा शहर बर्फ की चादर से ढक जाता है। यहां आकर आप स्कीइंग, स्नो बोर्डिंग और स्लेजिंग जैसी मजेदार एडवेंचर गतिविधियों का आनंद भी ले सकते हैं।