LOADING...
बैकग्राउंड संगीत सुनकर कामों पर ध्यान लगाते हैं ADHD के मरीज, अध्ययन में हुआ खुलासा

बैकग्राउंड संगीत सुनकर कामों पर ध्यान लगाते हैं ADHD के मरीज, अध्ययन में हुआ खुलासा

लेखन सयाली
Aug 04, 2025
12:32 pm

क्या है खबर?

अटेंशन डेफिसिट ह्यपेरएक्टिविटी डिसऑर्डर (ADHD) एक ध्यान संबंधी विकार है, जो कई लोगों को प्रभावित करता है। यह एक न्यूरोडेवलपमेंटल डिसऑर्डर है, जो बच्चों और वयस्कों, दोनों को प्रभावित कर सकता है। इसके मुख्य लक्षण हैं ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई, अति सक्रियता और आवेग। अब एक अध्ययन से सामने आया है कि इस बीमारी से पीड़ित लोग ध्यान लगाने के लिए बैकग्राउंड संगीत का सहारा लेते हैं। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।

अध्ययन

ADHD के मरीज उत्तेजित संगीत को करते हैं पसंद

इस अध्ययन को 'फ्रंटियर्स इन साइकोलॉजी' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया था। इसे केली-एन लाचांस, पेनेलोप पेलैंड-गौलेट और मॉन्ट्रियल विश्वविद्यालय में नैदानिक न्यूरोसाइकोलॉजिस्ट व प्रोफेसर नथाली गोस्सेलिन ने मिलकर पूरा किया था। इसके मुताबिक, जो लोग ADHD के मरीज होते हैं, वे संज्ञानात्मक रूप से कठिन और कम कठिन गतिविधियों के दौरान बैकग्राउंड संगीत ज्यादा बार सुनते हैं। ये व्यक्ति हर प्रकार की गतिविधि के दौरान उत्तेजक संगीत के प्रति अधिक रुचि दिखाते हैं।

उद्देश्य

क्या था इस अध्ययन का उद्देश्य?

अध्ययन के जरिए शोधकर्ताओं ने यह समझने का प्रयास किया कि युवा वयस्क संगीत का उपयोग किस प्रकार करते हैं। शोधकर्ता ने कहा, "ADHD से पीड़ित व्यक्ति अक्सर ध्यान केंद्रित करने में संघर्ष करते हैं, इसलिए हम समझना चाहते थे कि क्या वे संगीत को अलग तरह से सुनते हैं।" यह रुचि डॉ गोस्सेलिन में तब जगी जब ADHD से पीड़ित किशोर के माता-पिता ने उनसे पूछा था कि क्या उनके बच्चे को संगीत सुनते-सुनते पढ़ाई करने देना सही है।

प्रक्रिया

434 लोगों की जांच कर पूरा हुआ अध्ययन

शोधकर्ताओं ने 17-30 साल की आयु वाले 434 प्रतिभागियों के साथ ऑनलाइन सर्वेक्षण किया। प्रतिभागियों ने अपनी संगीत सुनने की आदतों, संगीत संबंधी पसंद और भावनात्मक व संज्ञानात्मक कार्यप्रणाली पर बैकग्राउंड संगीत के प्रभावों से जुड़े सवालों के जवाब दिए। सर्वेक्षण में ADHD के लक्षणों की जांच करने के लिए एक स्क्रीनिंग टूल इस्तेमाल हुआ। प्रतिक्रियाओं के आधार पर, प्रतिभागियों को 2 समूहों में बांटा गया। इनमें से एक समूह में ADHD पीड़ित और दूसरे में स्वस्थ लोग शामिल थे।

नतीजे

क्या रहे इस अध्ययन के नतीजे?

अध्ययन से सामने आया कि अधिकांश युवा वयस्क शोध, समस्या-समाधान और पढ़ने जैसे संज्ञानात्मक कार्यों के दौरान बैकग्राउंड संगीत सुनते हैं। इसके अलावा, वे सफाई, खाना पकाने और एक्सरसाइज करते समय भी बैकग्राउंड संगीत सुनना पसंद करते हैं। हालांकि, ADHD से पीड़ित व्यक्तियों ने अध्ययन और एक्सरसाइज करते समय बैकग्राउंड संगीत को ज्यादा बार सुना। कुल मिलाकर, उन्होंने कम प्रयास वाली गतिविधियों के दौरान भी बैकग्राउंड संगीत को अधिक बार सुना।

निष्कर्ष

संगीत सुनने से नहीं भटकता है ध्यान

उत्तेजक संगीत मस्तिष्क की पुरस्कार प्रणाली को सक्रिय करके और डोपामाइन जारी करके कामों के दौरान ध्यान भटकने की प्रवृत्ति को कम करने में मदद करता है। यही कारण है कि ADHD के मरीज सभी प्रकार की गतिविधियों के दौरान ध्यान लगाने में आसानी के लिए संगीत सुनते हैं। शोधकर्ताओं ने यह भी जांचा कि क्या संज्ञानात्मक कार्यों के दौरान बैकग्राउंड संगीत सुनने से प्रतिभागियों की एकाग्रता या मनोदशा में सुधार हुआ। ज्यादातर प्रतिभागियों ने इस बात को सच बताया।