Page Loader
समझ नहीं आ रहा शादी के दिन जोड़े को क्या तोहफा दें? ये विकल्प हैं बढ़िया

समझ नहीं आ रहा शादी के दिन जोड़े को क्या तोहफा दें? ये विकल्प हैं बढ़िया

लेखन सयाली
Nov 25, 2024
04:18 pm

क्या है खबर?

नवंबर से शादी का सीजन शुरु हो जाता है, जिस दौरान लोगों को कई शादियों के निमंत्रण मिलते हैं। इस दौरान मेहमानों का सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि नए नवेले जोड़ों को तोहफे में क्या दिया जाए। बाजार में शादी के तोहफों के कई विकल्प मौजूद रहते हैं, जिन्हें आप खरीद सकते हैं या अपनी पसंद के मुताबिक कस्टमाइज भी करवा सकते हैं। आज के शादी के टिप्स में जानिए दूल्हा-दुल्हन को देने लायक तोहफों के 5 विकल्प।

#1

भगवान गणेश की मूर्ति दें

हिंदू धर्म में हर शुभ कार्य से पहले भगवान गणेश की पूजा की जाती है। उन्हें विघ्नहर्ता कहा जाता है, जो सभी के कष्ट हर लेते हैं और जीवन में खुशियां भर देते हैं। आप जोड़े को शादी में गणेश जी की मूर्ति भेंट कर सकते हैं, जिससे उनका विवाहित जीवन सुखद और समृद्ध बनेगा। इस मूर्ति को घर में स्थापित करने से उनका प्रेम बना रहेगा और बप्पा उनपर अपनी कृपा बरसाते रहेंगे।

#2

गिफ्ट हैंपर बनवाएं

शादी के सीजन में बाजार में कई तरह के गिफ्ट हैंपर मिलते हैं, जिनमें अलग-अलग वस्तुएं रखी होती हैं। आप खाने के हैंपर, कपड़ों के हैंपर और त्वचा की देखभाल के उत्पादों वाले हैंपर जैसे विभिन्न विकल्पों में से अपनी पसंद के हैंपर का चुनाव कर सकते हैं। ध्यान रखें कि आप जो भी हैंपर चुन रहे हों, वह दूल्हा-दुल्हन की पसंद के अनुकूल होना चाहिए। आप अपनी पसंद से वस्तुओं को चुनकर भी शानदार हैंपर तैयार करवा सकते हैं।

#3

चांदी या सोना भेंट करें

भारतीय शादियों में सोने और चांदी के आभूषणों और वस्तुओं को बेहद शुभ माना जाता है। अगर आप अपने परिवार के सदस्य या दोस्त की शादी में जा रहे हैं, तो उन्हें सोने या चांदी की कोई वस्तु भेंट करें। शादियों में सोना और चांदी भेंट देना जोड़े के जीवन में धन, समृद्धि और सौभाग्य लाता है। आप दुल्हन को चांदी की पायल दे सकते हैं, दूल्हे को सोने की चैन दे सकते हैं या अंगूठी भी बनवा सकते हैं।

#4

गृहस्थी का सामान दिलाएं

शादी होने के बाद हर जोड़ा अपना जीवन नए सिरे से शुरू करता है, जिस दौरान उन्हें गृहस्थी के सामान की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आप इस बात का ध्यान रखते हुए उन्हें गृहस्थी का सामान भेंट कर सकते हैं। शादी से पहले अपने रिश्तेदारों से बात करें और जोड़े की जरूरत के आधार पर और अपने बजट को ध्यान में रखते हुए उन्हें सामान दिलाएं। आप उन्हें डिनर सेट, फ्रिज, अलमारी आदि जैसी चीजें दे सकते हैं।

#5

एयर पीयूरिफायर रहेगा उपयुक्त

आज के समय में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदूषित हवा में सांस लेने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और अस्थमा जैसी बीमारियां हो सकती हैं। ऐसे में आप शादी के दिन तोहफे के रूप में जोड़ों को किसी अच्छी कंपनी का एयर पीयूरिफायर दे सकते हैं। इसके जरिए उनके घर की दूषित हवा शुद्ध हो जाएगी और उनकी सेहत पर बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा।