गर्मियों के दौरान घर से आने लगे बदबू? इन 5 तरीकों से करें दूर
क्या है खबर?
गर्मी के मौसम में घर के कुछ हिस्सों में नमी और बदबू आने लगती है, खासकर रसोई, बाथरूम और फ्रिज में गंध का कारण बैक्टीरिया और फंगस होते हैं। इसके अलावा गर्मियों में कपड़ों में पसीना आना आम बात है, लेकिन अगर उन्हें सही से न धोया जाए तो उनमें भी गंध आने लगती है। आइए कुछ तरीके जानते हैं, जिनसे गर्मियों में घर की बदबू दूर की जा सकती है।
#1
गीले कपड़ों को घर में न सुखाएं
गीले कपड़े बैक्टीरिया को आकर्षित कर सकते हैं, जो बदबू का कारण बनते हैं। इसलिए गीले कपड़ों को सुखाने के लिए हमेशा बाहर की तरफ किसी छत या बालकनी में तार पर डालें। इसके अलावा गीले कपड़ों को लंबे समय तक न छोड़ें क्योंकि इससे भी गंध आने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही कभी भी गीले कपड़ों को किसी टोकरी में न रखें। ध्यान दें कि कपड़ों को धोने के बाद सही तरीके से सुखाएं।
#2
रसोई की खराब गंध दूर करने का तरीका
अगर रसोई में कुछ खाने-पीने की चीजें रखने से गंध आने लगे तो उसे दूर करने के लिए 2-3 चम्मच खाने का सोडा को पानी के साथ मिलाकर पेस्ट बना लें, फिर उसे गंध वाले हिस्से में लगाएं। थोड़ी देर बाद इसे साफ पानी से धो लें। इसके अलावा अगर बर्तन धोने वाले सिंक के नीचे से भी गंध आने लगे तो खाने का सोडा और पानी के मिश्रण को वहां डालकर गर्म पानी डाल दें।
#3
फ्रिज की बदबू दूर करने का तरीका
अगर फ्रिज में गंध आने लगे तो खाने का सोडा, कॉफी पाउडर और पानी का घोल बनाकर इसे किसी कटोरी में डालें और इसे फ्रिज में रख दें। यह गंध को जल्दी ही सोख लेगा। इसके अलावा फ्रिज में ज्यादा खाना न रखें क्योंकि इससे भी गंध आ सकती है। अगर फ्रिज में ज्यादा सामान नहीं होगा तो हवा सही से घूम सकेगी और गंध नहीं आएगी।
#4
बाथरूम की खराब गंध दूर करने का तरीका
बाथरूम में गंध आने का कारण नमी होती है, इसलिए उसे दूर करने के लिए बाथरूम को हवादार बनाएं। साथ ही बाथरूम को साफ रखें और हर हफ्ते इसे अच्छे से साफ करें। इसके अलावा बाथरूम के दरवाजे के नीचे से भी गंध आ सकती है, इसलिए वहां भी खाने का सोडा के घोल का इस्तेमाल करें।
#5
बेडशीट और तकिए की बदबू दूर करने का तरीका
अगर बेडशीट और तकिए से भी गंध आने लगे तो उसे दूर करने के लिए पानी में नींबू का रस मिलाकर उसमें बेडशीट और तकिए को भिगो दें, फिर इन्हें सामान्य तरीके से धोएं। ये गंध को दूर करने के साथ-साथ ताजगी का एहसास भी दिलाएगी। इसके अलावा गंध दूर करने के लिए आप बेडशीट और तकिए को खाने का सोडा के घोल में भी भिगो सकते हैं। ध्यान दें कि बेडशीट और तकिए की सफाई नियमित रूप से करें।