रोजाना इन 5 सुपरफूड का करें सेवन, सेहत को मिलेंगे कई लाभ
क्या है खबर?
सेहतमंद रहने के लिए सही खान-पान अपनाना सबसे जरूरी होता है। सही खान-पान का मतलब है कि आप अपनी डाइट में ऐसे खाद्य पदार्थों को शामिल करें, जो पोषक तत्वों से भरपूर हों और शरीर को मजबूती प्रदान करने में मदद कर सकें। इसके लिए आप रोजाना कुछ सुपरफूड का सेवन कर सकते हैं, जो कई पोषक तत्वों का भंडार होते हैं और बीमारियों से लड़ने में भी मदद करते हैं। इन 5 सुपरफूड को डाइट में शामिल करें।
#1
ओट्स
ओट्स फाइबर का एक बेहतरीन स्रोत है, जो पेट की समस्याओं से लेकर वजन को नियंत्रित करने तक में मदद कर सकता है। इसके अलावा ओट्स में मौजूद बीटा-ग्लूकन की उच्च मात्रा शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल के जमाव को रोकने में सहायक होती है। ओट्स में एंटी-ऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो दिल को सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं। ओट्स से बनने वाले व्यंजन आसानी से तैयार हो जाते हैं और इन्हें नाश्ते में शामिल करना फायदेमंद होता है।
#2
गाजर
गाजर में बहुत सारे विटामिन होते हैं, जैसे विटामिन-A, विटामिन-C, विटामिन-K और विटामिन-B6 । ये आंखों को स्वस्थ रखने, रोग प्रतरोधक क्षमता बढ़ाने और हड्डियों को मजबूत करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा गाजर में बीटा-कैरोटीन होता है, जो शरीर में जाकर विटामिन-A में बदल जाता है और यह एंटी-ऑक्सीडेंट की तरह काम करके शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाता है। इसे सलाद में शामिल करें या इसका जूस पिएं।
#3
ब्रोकली
ब्रोकली पोषक तत्वों से भरपूर सब्जी है, जो कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, विटामिन-C, विटामिन-K और फाइबर से युक्त होती है। इसके अलावा ब्रोकली में ऐसे तत्व होते हैं, जो सूजन कम करने और कैंसर से बचाने में मदद कर सकते हैं। ये गुण शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से बचाने और दिल को सेहतमंद रखने में भी सहायक हैं। इसे उबालकर या भाप में पकाकर खाना चाहिए, जिससे इसके भरपूर फायदे मिलते हैं।
#4
दालचीनी
दालचीनी का उपयोग कई बीमारियों के इलाज में किया जा सकता है। इसमें मौजूद तत्व शरीर में तनाव, सूजन और खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं। इससे दिल की बीमारियों का खतरा भी कम हो सकता है। इसके अलावा दालचीनी का सेवन मधुमेह और कैंसर के जोखिम कम करने में भी सहायता कर सकता है। आप इसे रोजाना के भोजन में शामिल कर सकते हैं।
#5
बादाम
बादाम में मौजूद तत्व शरीर में तनाव और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा बादाम में मौजूद मैग्नीशियम और फाइबर दिल की बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी योगदान दे सकते हैं। बादाम में प्रोटीन, कैल्शियम और मैग्नीशियम भी होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक है। रोजाना 5 बादाम खाने से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं। इसका दूध भी बहुत लाभदायक होता है।