Page Loader
चॉकलेट डे पर बनाएं चॉकलेट के ये 5 स्वादिष्ट व्यंजन, आसान है रेसिपी 

चॉकलेट डे पर बनाएं चॉकलेट के ये 5 स्वादिष्ट व्यंजन, आसान है रेसिपी 

लेखन अंजली
Feb 07, 2024
04:47 pm

क्या है खबर?

वैलेंटाइन डे वीक शरू हो चुका है और रोज डे से लेकर वैलेंटाइन डे तक, इसका हर दिन एक खास महत्व रखता है। इसमें चॉकलेट डे भी शामिल है, जो हर साल 9 फरवरी को मनाया जाता है। इसी बहाने आप घर पर तरह-तरह के चॉकलेट व्यंजन बनाकर खा सकते हैं, फिर चाहें आप किसी के साथ रिलेशनशिप में हों या अपनी सिंगल लाइफ का आनंद ले रहे हों। आइए 5 तरह की चॉकलेट रेसिपी जानते हैं।

#1

डार्क चॉकलेट ट्रफल

सबसे पहले एक पैन में क्रीम को गर्म करें। ध्यान रखें कि इसे उबालना नहीं है। अब गर्म क्रीम में डार्क चॉकलेट और थोड़ी कॉफी डालकर पूरे मिश्रण को तब तक फेंटे तब तक यह चिकना न हो जाए। इसके बाद मिश्रण को 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। समय पूरा होने के बाद मिश्रण से छोटी-छोटी बॉल्स बनाएं और इन पर सफेद चीनी का पाउडर छिड़कर इनका सेवन करें। यहां जानिए व्हाइट चॉकलेट के व्यंजनों की रेसिपी

#2

चॉकलेट मूस 

इसके लिए पहले डबल बॉयलर विधि से चॉकलेट, मक्खन, एक चुटकी नमक और कॉफी को पिघलाएं, फिर एक स्पैटुला से सभी सामग्रियों को अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें। फिर एक कटोरे में वनिला क्रीम को फेंटें, फिर इसमें चॉकलेट वाला मिश्रण डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद मिश्रण को एक छोटे कंटेनर में डालकर फ्रिज में रख दें। कुछ घंटे बाद इसका सेवन करें।

#3

चॉकलेट पुडिंग

सबसे पहले एक कटोरे में चीनी, कोकोआ पाउडर, कॉर्नस्टार्च और एक चुटकी नमक मिलाएं, फिर मिश्रण में दूध डालकर फेंटें। अब इस मिश्रण को गर्म करें और मध्यम आंच पर धीरे-धीरे हिलाते हुए उबालें और 2 मिनट तक मिश्रण को गाढ़ा होने तक पकाएं। इसके बाद गैस बंद करके मिश्रण में वनिला एसेंस और मक्खन मिलाएं, फिर इस मिश्रण को 6 घंटे के लिए फ्रिज में रखने के बाद खाएं।

#4

चॉकलेट चिप कुकीज

चॉकलेट चिप कुकीज बनाने के लिए एक बर्तन में मैदा, बेकिंग सोडा और नमक अच्छी तरह मिलाएं। अब एक अलग बर्तन में पिघला मक्खन, सफेद और ब्राउन शुगर हल्का और फूलने तक फेंटें। इसके बाद इसमें वनिला एसेंस मिलाएं। इसके बाद इसमें मैदे का मिश्रण और चॉकलेट चिप्स मिला लें और फिर एक बेकिंग ट्रे पर कुकीज को फैलाएं। आखिर में इन्हें अच्छी तरह से बेक करें और ठंडा करके परोसें।

#5

चॉकलेट कप केक्स

एक कटोरे में मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, कोकोआ पाउडर और एक चुटकी नमक मिलाएं। अब एक बड़े कटोरे में चीनी और मक्खन को डालकर स्पैटुला से तब तक फेंटें, जब तक मिश्रण फूला-फूला-सा न लगे, फिर इसमें थोड़ा वनिला एसेंस मिलाएं। इसके बाद मैदे के मिश्रण में दूध मिलाएं और इसे मफिन कप में डालने के बाद इन्हें ओवन में बेक करें, फिर कप केक को ठंडा करके परोसें।