LOADING...
घर में रखे केलों से बनाकर देखें ये विदेशी व्यंजन, नहीं भूल पाएंगे इनका स्वाद
केले से बनने वाले विदेशी व्यंजन

घर में रखे केलों से बनाकर देखें ये विदेशी व्यंजन, नहीं भूल पाएंगे इनका स्वाद

लेखन सयाली
Feb 17, 2026
11:46 am

क्या है खबर?

केला एक ऐसा फल है, जो न केवल स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। केले का उपयोग करके आप कई प्रकार के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन बना सकते हैं। हालांकि, इससे बनने वाले विदेशी पकवान खास तौर से बेहतरीन होते हैं। आज के लेख में हम आपको केले के 5 विदेशी व्यंजनों कि रेसिपी बताने वाले हैं। एक बार इन्हें खाने के बाद आप इन्हें बार-बार बनाना चाहेंगे।

#1

केले की ब्रेड

अगर रसोई में रखे केले ज्यादा पक गए हैं तो उनसे केले की ब्रेड बना लें। इसके लिए सबसे पहले केलों को अच्छी तरह मीस लें। अब एक कटोरे में मैदा, बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर, पिघला हुआ मक्खन, पिसी हुई भूरी चीनी और वेनिला का अर्क मिला दें। इसके बाद इसमें बारीक कटे अखरोट, किशमिश, बादाम और चॉकलेट चिप्स डालें। इसे 175 डिग्री सेल्सियस पर बेक करें और आइसक्रीम के साथ परोसें।

#2

केले वाला दूध

दक्षिण कोरिया में लोगों को एक पेय बहुत पसंद आने लगा है, जिसे बनाना मिल्क यानि केले वाला दूध कहते हैं। यह किसी भी कविनियंट स्टोर पर मिल जाता है, लेकिन इसे घर पर बनाना भी आसान है। इसके लिए केले को टुकड़ों में काट लें और मिक्सी में डाल दें। अब इसमें दूध, चीनी और इलायची पाउडर शामिल करके अच्छी तरह पीस लें। इसे छानकर या ऐसे ही गिलास में निकालें और ठंडा करके पिएं।

Advertisement

#3

दालचीनी और केले का केक

दालचीनी और केले का केक तैयार करने के लिए सबसे पहले ओवन को पहले से गर्म कर लें। अब एक कटोरे में मैदा, भूरी चीनी, बेकिंग पाउडर, दालचीनी पाउडर और बेकिंग सोडा मिलाएं। एक अन्य कटोरे में मीसे हुए केले, दूध, मक्खन और वेनिला का अर्क मिलाएं। अब गीले और सूखे मिश्रण को एक साथ धीरे-धीरे मिलाएं। केक टिन में मक्खन या बटर पेपर लगाएं और उसमें केक का बैटर डालें। उसे बेक करें और क्रीम डालकर परोसें।

Advertisement

#4

केले के पफ

घाना और नाइजीरिया जैसे अफ्रीकी देशों में केले के पफ खाए जाते हैं। इसके लिए एक कटोरे में गर्म पानी, नमक, चीनी और खमीर मिलाएं। इसके बाद इसमें मीसे हुए केले, जायफल का पाउडर और मैदा मिलाते जाएं। इस मिश्रण को ढककर अलग रख दें और फूल जाने दें। इसी दौरान कढ़ाई में तेल गर्म कर लें और मिश्रण के गोल-गोल पफ बना लें। इन्हें तेल में तलें और गर्मा-गर्म परोसें।

#5

चॉकलेट वाले केले

लंदन समेत कई स्थानों पर चॉकलेट वाली स्ट्रॉबेरी लोकप्रिय हो रही हैं। इसी तरह चॉकलेट वाले केले भी बहुत प्रसिद्ध हो रहे हैं। इस मिठाई के लिए आपको केवल 2 सामग्रियों की ही जरूरत होगी। पहले केले को टुकड़ों में काट लें और एक थाली में फैलाकर रख दें। अब चॉकलेट को गर्म पानी में डालकर पिघला लें और उसे केलों के ऊपर डाल दें। यह मिठाई खास तौर से बच्चों को पसंद आती है।

Advertisement