LOADING...
प्राकृतिक रूप से उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं ये 5 पेय
कोलेजन बढ़ाने वाले पेय

प्राकृतिक रूप से उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं ये 5 पेय

लेखन सयाली
Feb 02, 2026
10:47 am

क्या है खबर?

कोलेजन एक प्रकार का प्रोटीन होता है, जो शरीर में सबसे अधिक मात्रा में पाया जाता है। यह हमारी त्वचा, बालों, नाखूनों और हड्डियों के लिए बहुत जरूरी होता है। समय के साथ कोलेजन की मात्रा कम हो जाती है, जिससे उम्र बढ़ने के लक्षण बढ़ जाते हैं। इनमें झुर्रियां, त्वचा की लोच में कमी और बालों का पतला होना शामिल होता है। ऐसे में इन पेय का सेवन करके बढ़ती उम्र के लक्षण कम किए जा सकते हैं।

#1

गाजर, खीरा और अदरक का जूस

गाजर, खीरा और अदरक का जूस ताजगी देने के साथ-साथ विटामिन-A, विटामिन-C और एंटी-ऑक्सीडेंट भी प्रदान करता है। ये सभी तत्व कोलेजन को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं, जिससे त्वचा जवान बनी रहती है। इसे बनाने के लिए गाजर, खीरा और अदरक को धोकर छोटे टुकड़ों में काटें। इसके बाद उन्हें जूसर में डालकर जूस निकाल लें। इस जूस को ताजा ही पिएं, ताकि इसके पोषक तत्व बने रहें और इसका स्वाद भी बढ़िया लगे।

#2

पपीते और संतरे का पेय

पपीता और संतरे का पेय विटामिन-C और एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। ये कोलेजन उत्पादन को बढ़ावा देते हैं और त्वचा में एक प्राकृतिक निखार भी ले आते हैं। इसे बनाने के लिए पपीते के टुकड़े और ताजे संतरे का रस निकलकर मिलाएं। इसके बाद इसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छे से मिलाएं। इस मिश्रण को छानकर गिलास में डालें और ऊपर से कला नमक डालकर सेवन करें। आप इसमें पुदीना भी मिला सकते हैं।

Advertisement

#3

स्ट्रॉबेरी और केले की स्मूदी

स्ट्रॉबेरी और केले की स्मूदी विटामिन-C और फाइबर से समृद्ध होती है। इनकी मदद से कोलेजन बढ़ता है और झुर्रियां व झाइयां दूर हो जाती हैं। इसे बनाने के लिए स्ट्रॉबेरी और केले को मिक्सर में डालकर अच्छे से पीस लें। अब इसमें थोड़ा दूध या दही मिलाएं, ताकि इसकी स्थिरता थोड़ी गाढ़ी हो सके। इस स्मूदी को ताजा ही पिएं, ताकि इसके पोषक तत्व बने रहें और इसका स्वाद भी बेहतरीन लगे।

Advertisement

#4

पालक और सेब का जूस

पालक और सेब का जूस आयरन और फाइबर का अच्छा स्त्रोत होता है। ये शरीर में कोलेजन के स्तर को बढ़ाने में बहुत सहायक होते हैं। इस पेय को तैयार करने के लिए पालक की पत्तियों को धोकर छोटे टुकड़ों में काटें। अब सेब को भी इसी तरह काटकर जूसर में डालें। इसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छे से जूस निकालें, ताकि इसका स्वाद और भी बढ़ जाए। इस मिश्रण को छानकर गिलास में डालें और ऊपर से नींबू निचोड़कर पिएं।

#5

नींबू पानी

नींबू पानी विटामिन-C का अच्छा स्रोत होता है, जो शरीर में कोलेजन उत्पादन को बढ़ावा देता है। इसे बनाने के लिए एक गिलास पानी में आधा नींबू निचोड़ें और इसमें थोड़ा शहद मिलाएं। इसमें पानी और सब्जा के बीज शामिल करें और सेवन करें। इस पेय को सुबह-सुबह पीने से न केवल ताजगी मिलती है, बल्कि त्वचा में भी निखार आ जाता है। इन पेय को अपनी दिनचर्या में शामिल करके आप प्राकृतिक रूप से जवान बने रह सकते हैं।

Advertisement