Page Loader
क्रिसमस के त्योहार का जश्न बिना मीठे पकवानों के रहता है अधूरा, बनाएं ये व्यंजन

क्रिसमस के त्योहार का जश्न बिना मीठे पकवानों के रहता है अधूरा, बनाएं ये व्यंजन

लेखन सयाली
Dec 16, 2024
10:31 pm

क्या है खबर?

क्रिसमस यीशु मसीह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला त्योहार है, जो 25 दिसंबर को पड़ता है। इस पर्व पर लोग अपने प्रियजनों के साथ मिलकर प्रार्थना करते हैं, पार्टी करते हैं और एक-दूसरे को तोहफे देते हैं। हालांकि, क्रिसमस का जश्न बिना मीठे पकवानों के अधूरा माना जाता है। इस दिन आप अपने मेहमानों को ये 5 स्वादिष्ट मीठे पकवान बनाकर खिला सकते हैं। इनकी रेसिपी आसान होती है और इनका स्वाद बेहद लाजवाब होता है।

#1

बटरस्कॉच फज

बटरस्कॉच फज बनाने के लिए सबसे पहले केक टिन पर मक्खन लगा लें। एक कटोरे में बटरस्कॉच चिप्स, वाइट चॉकलेट चिप्स, कंडेंस्ड दूध और थोड़ा-सा गर्म दूध मिलाएं, जिससे चॉकलेट पिघल जाएगी। इसे गैस से उतारें और उसमें अखरोट, पिसी चीनी, वेनिला का अर्क और पिस्ता मिलाएं। इस मिश्रण को केक टिन में डालें, ऊपर से चुटकीभर नमक छिड़कें और 2 घंटे फ्रिज में रखें। बेक होने के बाद इन्हें छोटे टुकड़ों में काट लें।

#2

जिंजरब्रेड कुकी

क्रिसमस के दौरान सभी के घरों में जिंजरब्रेड कुकी जरूर बनाई जाती हैं। इसके लिए सबसे पहले मैदा, पिसी हुई भूरी चीनी, अदरक का पाउडर, लौंग का पाउडर, जायफल का पाउडर, दालचीनी पाउडर, बेकिंग सोडा और बिना नमक वाला मक्खन मिलाएं। अब इसमें पिघला हुआ गुड़ और पानी डालकर सख्त आटा गूंध लें और उसे 2 घंटे फ्रीज कर लें। इसे बेलकर जिंजरब्रेड मैन, क्रिसमस ट्री और अपने मन चाहे आकार में काटें और बेक कर लें।

#3

पुदीने वाली ब्राउनी

पुदीने वाली ब्राउनी बनाने के लिए सबसे पहले ओवन को गर्म करें और केक टिन में मक्खन लगाएं। ओवन में डार्क चॉकलेट और मक्खन डालकर पिघला लें। बैटर तैयार करने के लिए बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर, भूरी चीनी, पिसी चीनी, चॉकलेट चिप्स, पुदीने का अर्क, पिघली हुई चॉकलेट और कॉफी पाउडर मिलाएं। मिश्रण को केक टिन में डालें और ओवन में बेक कर लें। बेक होने के बाद इन्हें ब्राउनी के आकार में काटें और खाएं।

#4

पल्म केक

पल्म केक एक ऐसा केक है, जिसे विशेष तौर से क्रिसमस के दौरान बनाया जाता है। इस केक को कई लोग क्रिसमस केक के नाम से भी जानते हैं। पल्म केक बनाने के लिए सबसे पहले फलों और सूखे मेवों को अंगूर के जूस में भिगोएं। इसमें मक्खन, भूरी चीनी, तेल, दही, मैदा, बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर और अन्य मसाले डालकर मिलाएं। इसमें भीगे हुए सूखे मेवे व फल डालें और ओवन में बेक करें।

#5

चीज केक

चीज केक पश्चिमी देशों का पसंदीदा मीठा व्यंजन होता है, जिसे आप क्रिसमस पार्टी के दौरान परोस सकते हैं। इसके लिए किसी भी ब्रांड के बिस्कुट को पीस लें और उसमें मक्खन मिला दें। अब क्रीम के लिए क्रीम चीज, मास्कापोन चीज, दही, चीनी, सफेद चॉकलेट और मैदे को मिलाएं। केक बनाने वाले सांचें में बिस्कुट की परत लगाकर जमाएं और ऊपर से क्रीम वाला मिश्रण डालकर दोबारा जमा लें।